1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी पुलिस में आ रही है बड़े पैमाने पर भर्ती, विभिन्न पदों के लिए कब शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया, यहां जानें

यूपी पुलिस में आ रही है बड़े पैमाने पर भर्ती, विभिन्न पदों के लिए कब शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया, यहां जानें

 Reported By: Vishal Pratap Singh, Edited By: Mangal Yadav
 Published : Mar 27, 2025 08:25 pm IST,  Updated : Mar 27, 2025 08:48 pm IST

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशानुरूप यूपी पुलिस बल को सुदृढ़ करने के लिए नए वित्तीय वर्ष में पुलिस भर्ती की प्रक्रिया जारी रहेगी।

योगी सरकार जल्द करेगी पुलिस महकमे में 28,138 पदों पर भर्ती- India TV Hindi
योगी सरकार जल्द करेगी पुलिस महकमे में 28,138 पदों पर भर्ती Image Source : PTI

 लखनऊः यूपी में योगी सरकार पुलिस महकमे में जल्द ही 28,138 पदों पर सिपाहियों की भर्ती करेगी। इसके लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने अप्रैल और मई महीने में नई भर्ती प्रकिया शुरू करने का ऐलान किया है। बोर्ड अप्रैल और मई में विभिन्न पदों पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करेगा। बोर्ड द्वारा इसी वर्ष साठ हजार से अधिक आरक्षियों एवं रेडियो संवर्ग के चौदह सौ से अधिक पदों पर भर्तियां पूरी की हैं। 

अप्रैल और मई में इन पदों पर शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया

यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड ने सरकार के मंशा के अनुरूप आगामी भर्ती प्रक्रिया की रूपरेखा तैयार कर ली है। बोर्ड अप्रैल 2025 के अंतिम सप्ताह या मई 2025 के प्रथम सप्ताह से अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र आमंत्रित करने की प्रक्रिया शुरू करेगा। इस भर्ती प्रक्रिया में उप निरीक्षक (नागरिक पुलिस) के 4,242 पद, प्लाटून कमांडर (पीएसी) के 135 पद, प्लाटून कमांडर (विशिष्ट बल) के 60 पद और जनपद बंदायू, लखनऊ व गोरखपुर के लिए महिला पीसी के 106 पद शामिल हैं, जिसके तहत कुल 4,543 पदों पर उप निरीक्षक स्तर की भर्ती की जाएगी। 

इसके अतिरिक्त आरक्षी स्तर पर भी विभिन्न पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया उसी समय शुरू होगी। इसमें आरक्षी पीएसी, आरक्षी विशिष्ट बल और महिला आरक्षी पीएसी के 15,904 पद, आरक्षी (नागरिक पुलिस) के 3,245 पद, आरक्षी घुड़सवार पुलिस के 71 पद और जेल वार्डन के 2,833 पद शामिल हैं। इसके तहत आरक्षी स्तर पर कुल 22,053 पदों पर भर्ती होगी। इस तरह, कुल 26,596 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द प्रारंभ होगी।

कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड ए के 1153 पदों पर भी होगी भर्ती

इसके साथ ही रेडियो सहायक परिचालक के 44 पद और कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए के 1,153 पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया अप्रैल-मई 2025 में शुरू की जाएगी। इस प्रकार जल्द ही कुल अठाईस हज़ार से अधिक विभिन्न पदों पर भर्ती की जायेगी। कुशल खिलाड़ी के अन्तर्गत उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 91 पदों व आरक्षी नागरिक पुलिस 372 एवं आरक्षी पीएसी 174 पदों के लिए भी भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। इसमें अप्रैल माह के तीसरे सप्ताह से अभिलेखों की संवीक्षा एवं खेल कौशल परीक्षण की प्रकिया प्रारम्भ की जायेगी। सभी भर्तियों के संबंध में शीघ्र ही यूपी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की वेबसाइट पर सूचना दी जायेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।