1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. 70 साल की महिला के पेट से निकला करीब 10 किलो का ट्यूमर, ऑपरेशन के बाद मिली राहत

70 साल की महिला के पेट से निकला करीब 10 किलो का ट्यूमर, ऑपरेशन के बाद मिली राहत

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 28, 2026 09:59 pm IST,  Updated : Apr 28, 2026 09:59 pm IST

डॉक्टरों की टीम ने एक 70 साल की महिला के पेट से करीब 10 किलो का ट्यूमर बाहर निकालकर उसे राहत दी है और ऑपरेशन सफल रहा है।

woman- India TV Hindi
महिला का ट्यूमर निकाला गया Image Source : REPORTER INPUT

नूंह: हरियाणा के नूंह से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां एक 70 साल की महिला के पेट से करीब 10 किलो का ट्यूमर निकाला गया है। ट्यूमर निकलने के बाद महिला स्वस्थ है और उसने राहत की सांस ली है। महिला ने डॉक्टरों को भी धन्यवाद दिया है, जिनकी वजह से उसे अपनी समस्या से निजात मिली। महिला ने बताया कि इस ट्यूमर की वजह से उसे काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता था।

क्या है पूरा मामला?

नूंह के शहीद हसन खान मेवाती राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नल्हार में डॉक्टरों की टीम ने एक जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 70 वर्षीय महिला के पेट से 9 किलो 600 ग्राम से अधिक वजन का ट्यूमर निकालकर उसे नई जिंदगी दी है।

नूंह जिले के नई बिछोर गांव की रहने वाली सायरा नामक बुजुर्ग महिला लंबे समय से पेट में भारी गांठ की समस्या से परेशान थी। जांच के दौरान पता चला कि उनके अंडाशय (ओवरी) में अत्यधिक बड़ा ट्यूमर विकसित हो चुका है, जो न केवल दुर्लभ बल्कि चिकित्सकीय रूप से चुनौतीपूर्ण मामला भी था।

इस जटिल सर्जरी का नेतृत्व स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेंद्र पाल सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन अत्यंत सावधानी और विशेषज्ञता के साथ किया गया, जिसमें जनरल सर्जरी विभाग की टीम का भी अहम योगदान रहा।

डॉक्टरों की संयुक्त टीम ने सफलतापूर्वक ट्यूमर को बाहर निकाल दिया, जिसका वजन 9.6 किलोग्राम से अधिक था। 

ऑपरेशन के बाद महिला की हालत स्थिर है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। वहीं मरीज सायरा ने बताया कि उनके पेट में काफी समय से बड़ी गांठ थी, जिससे उन्हें परेशानी हो रही थी। अब ऑपरेशन के बाद राहत महसूस हो रही है और उन्होंने डॉक्टरों की टीम का आभार जताया है। यह सफल सर्जरी मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों की कुशलता और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का प्रमाण मानी जा रही है। (रिपोर्ट- अनिल मोहनिया)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।