भुवनेश्वर: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के सामन्तरापुर इलाके से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक घर के बेडरूम के अंदर जहरीला सांप मिलने से हड़कंप मच गया। यह घटना रविवार की है और इंदिरा हाउसिंग कॉलोनी में रहने वाले स्थानीय निवासी ज्ञान रंजन महापात्र के घर में हुई।
Related Stories
करीब 4 फीट लंबा था सांप
जानकारी के अनुसार, परिवार के लोग उस समय दहशत में आ गए जब उन्होंने अपने बेडरूम में कपड़े टांगने वाले हैंगर के ऊपर एक विषधर सांप को बैठे हुए देखा। बताया जा रहा है कि सांप करीब 4 फीट लंबा था और बेहद आक्रामक व्यवहार कर रहा था। जैसे ही कोई उसके पास जाने की कोशिश करता, वह फन उठाकर फुफकारने लगता।
स्थिति को खतरनाक देखते हुए परिवार ने तुरंत स्नेक हेल्पलाइन को कॉल किया। सूचना मिलते ही स्नेक हेल्पलाइन के सदस्य मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। जब उन्होंने बेडरूम में हैंगर पर बैठे सांप को देखा, तो वे भी एक पल के लिए हैरान रह गए, क्योंकि उस हैंगर पर कपड़े भी टंगे हुए थे।
रेस्क्यू ऑपरेशन रहा सफल
स्नेक हेल्पलाइन के सदस्य ने बेहद सावधानी और समझदारी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। उन्होंने पहले धीरे-धीरे हैंगर समेत सांप को नीचे उतारा। कुछ देर बाद सांप खुद ही हैंगर से अलग हुआ, जिसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से एक बैग में डाल लिया गया।
सफल रेस्क्यू के बाद सांप को शहर से बाहर एक प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया, ताकि किसी को कोई नुकसान न हो और वन्यजीव संरक्षण भी सुनिश्चित किया जा सके।
यह घटना साफ दिखाती है कि शहरी इलाकों में इंसान और वन्यजीवों का आमना-सामना बढ़ता जा रहा है। ऐसे में समय पर सही कदम उठाना और प्रशिक्षित लोगों की मदद लेना बेहद जरूरी है। राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। (रिपोर्ट- ओडिशा से शुभम कुमार)