1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. कैप्टन स्मित मच्छार के पुराने पड़ोसी ने गिनाईं उनकी खूबियां, दुबई जाने से पहले 10-15 साल पड़ोसी रहे दोनों; Video Viral

कैप्टन स्मित मच्छार के पुराने पड़ोसी ने गिनाईं उनकी खूबियां, दुबई जाने से पहले 10-15 साल पड़ोसी रहे दोनों; Video Viral

 Written By: Shaswat Gupta
 Published : Oct 01, 2026 01:46 pm IST,  Updated : Oct 01, 2026 01:46 pm IST

सोशल मीडिया पर इस समय ​कैप्टन स्मित मच्छार काफी ट्रेंड कर रहे हैं। वजह है, फ्लाई दुबई की फ्लाइट में दिखाई गई उनकी बहादुरी। 174 जानें बचाने वाले भारतीय पायलट की कई सोशल मीडिया यूजर्स तारीफ कर रहे हैं।

Captain Smit Machchhar, fly dubai flight attack, fly dubai flight, PM Modi, Benjamin Netanyahu, Isra- India TV Hindi
स्मित मच्छार के पड़ोसी का वीडियो वायरल। Image Source : X/@ISRAELMFA & ANI

फ्लाई दुबई की उड़ान में अदम्य साहस दिखाकर 174 लोगों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की पूरी दुनिया सराहना कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू तक ने उन्हें हीरो करार दिया है। इसी बीच मुंबई में उनके पुराने पड़ोसी ने उनकी व्यक्तिगत खूबियों को याद करते हुए भावुक कर देने वाले बयान दिए हैं। पड़ोसी डॉक्टर जनित शाह ने बताया कि दुबई जाने से पहले स्मित मच्छार करीब 10 से 15 साल तक उनके पड़ोसी रहे थे। 

एक्स पर वीडियो वायरल 

डॉ. जनित शाह ने कहा कि स्मित मच्छार एक प्रतिभाशाली, शांत स्वभाव वाले और अच्छे इंसान हैं। उन्होंने बताया, “स्मित सच में बहुत अच्छे, दयालु और परिपक्व इंसान हैं। मैं उन्हें करीब 15 साल से जानता हूं। वे करीब दो-तीन साल पहले दुबई चले गए थे। जब भी वे माता-पिता से मिलने आते थे तो हमारी बात होती थी।” डॉक्टर शाह ने उन्हें ‘अविश्वसनीय इंसान’ और ‘असाधारण व्यक्ति’ बताते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।   

बचपन के दोस्त भी याद कर रहे खूबियां

पड़ोसियों के अलावा स्मित मच्छार के बचपन के दोस्त प्रतीक गांधी ने भी उनकी प्रशंसा की है। प्रतीक ने बताया कि स्मित बचपन से ही शांत, संयमित और ‘सॉर्टेड’ किस्म के बच्चे थे। सोसाइटी में वे सबसे समझदार माने जाते थे। दोनों साथ क्रिकेट खेलते थे। प्रतीक ने कहा, “जब खबर आई तो हम सदमे में थे। अब पता चला कि ऑपरेशन के बाद वे ठीक हो रहे हैं। हम उन पर गर्व करते हैं।”   

क्या है पूरा मामला 

भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार इन दिनों पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बने हुए हैं। 30 सितंबर 2026 को फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। कॉकपिट में सह-पायलट ने उन पर चाकू से हमला कर दिया और विमान को क्रैश करने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मच्छार ने विरोध किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों व क्रू को हमलावर पर काबू पाने में मदद की। विमान ने हजारों फीट की ऊंचाई खोई, लेकिन सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के तबुक में इमरजेंसी लैंडिंग कर ली। सभी 174 लोग सुरक्षित रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इजराइली प्रधानमंत्री नेतन्याहू और कई वैश्विक नेताओं ने उन्हें ‘हीरो’ बताया। मुंबई के घाटकोपर निवासी मच्छार की बहादुरी ने 9/11 जैसी संभावित त्रासदी को टाल दिया। वे वर्तमान में अस्पताल में स्थिर हैं। उनकी इस अदम्य हिम्मत ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय सुर्खियों में ला दिया है।

ये भी पढ़ें -

कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को दुनिया कर रही सलाम, सोशल मीडिया पर छाए 174 जान बचाने वाले पायलट; देखें यूजर्स के रिएक्शन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।