1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. घरेलू विवाद में देवरानी ने जेठानी पर फेंका खौलता पानी, हालत गंभीर, डॉक्टरों ने BHU रेफर किया

घरेलू विवाद में देवरानी ने जेठानी पर फेंका खौलता पानी, हालत गंभीर, डॉक्टरों ने BHU रेफर किया

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 23, 2026 05:02 pm IST,  Updated : Mar 23, 2026 05:02 pm IST

घरेलू विवाद में जेठानी पर खौलता पानी फेंकने वाली महिला को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वहीं, पीड़िता को बेहतर इलाज के लिए बीएचयू रेफर कर दिया है। पूरे मामले की जांच जारी है।

Balia- India TV Hindi
बलिया पुलिस ने आरोपी देवरानी को हिरासत में लिया Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के तीखमपुर इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक मामूली घरेलू विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आकर देवरानी ने अपनी ही जेठानी के ऊपर खौलता पानी फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।

बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर घर में कहासुनी हो गई थी, जो देखते ही देखते बढ़कर हिंसा में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान देवरानी ने उग्र होकर जेठानी पर खौलता पानी डाल दिया।

पीड़िता को बीएचयू रेफर किया

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों ने घायल महिला को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे वाराणसी के बीएचयू के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल महिला का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी देवरानी को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस अधिकारी का बयान

बलिया थाना क्षेत्राधिकारी मोहम्मद उस्मान ने बताया कि 22 मार्च को सुबह 9.30 बजे सूचना मिली कि तीखमपुर में पारिवारिक विवाद के दौरान श्रेया सिंह नाम की महिला पर उसकी देवरानी गुंजा सिंह ने खौलता पानी डाल दिया, जिससे वह घायल हो गईं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और श्रेया सिंह को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें बीएचयू रेफर कर दिया गया। इस संबंध में अग्रिम कार्रवाई प्रचलित है।

यूपी में घरेलू विवाद में हिंसा के कई मामले

उत्तर प्रदेश में घरेलू विवाद में हिंसा के कई मामले पहले भी सामने आए हैं। पिछले महीने मेरठ में एक युवक ने अपने बड़े भाई की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी थी। घटना के समय दोनों भाई शराब के नशे में थे। परिजन घायल व्यक्ति को अस्पताल लेकर गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था और खून से सना चाकू भी बरामद किया था। शाहजहांपुर में भी जनवरी के महीने में एक व्यक्ति ने भैंस निकालने को लेकर हुए विवाद में अपनी पत्नी के सिर पर डंडा मार दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी।

(बलिया से अमित कुमार की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

प्रयागराज में बड़ा हादसा, अमोनिया टैंक फटने से कोल्ड स्टोरेज धराशायी, छत गिरने से कई लोग दबे

यूपी सरकार के मंत्री संजय निषाद मंच पर फूट-फूट कर रोए, लगाए गंभीर आरोप, सामने आया VIDEO

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।