1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. हाथी की पूंछ खींचते और सूंड छूकर चिढ़ाते दिखे युवक, बचने की कोशिश करता दिखा हाथी, VIDEO वायरल

हाथी की पूंछ खींचते और सूंड छूकर चिढ़ाते दिखे युवक, बचने की कोशिश करता दिखा हाथी, VIDEO वायरल

 Written By: Amar Deep
 Published : Nov 08, 2026 03:41 pm IST,  Updated : Nov 08, 2026 03:41 pm IST

ओडिशा में एक हाथी को दो युवक चिढ़ाते दिखे। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक कभी हाथी की पूंछ खींचते हैं तो कभी उसका सूंड और दांत छूकर उसे परेशान करते हैं।

हाथी को परेशान करते दिखे युवक। - India TV Hindi
हाथी को परेशान करते दिखे युवक। Image Source : REPORTER INPUT

ओडिशा के ढेंकानाल जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। यहां दो युवक अपनी जान की परवाह किए बिना एक जंगली हाथी के साथ खतरनाक खेल खेलते नजर आ रहे हैं। कभी युवक हाथी की पूंछ खींचते दिखाई दे रहे हैं, तो कभी उसकी सूंड को छूकर उसे परेशान करने और उकसाने की कोशिश कर रहे हैं। युवकों की इस खतरनाक हरकत के दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

हाथी को परेशान करते दिखे शख्स

जानकारी के मुताबिक, ये दोनों वीडियो ढेंकानाल जिले के हिंदोल वन क्षेत्र के कर्णपुर सेक्शन के अंतर्गत की बताई जा रही हैं। इनमें से एक वीडियो डेंगबोरेई गांव के पास की बताया जा रहा है, जबकि दूसरा वीडियो पाटला गांव से सामने आई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दो युवक एक जंगली हाथी के बेहद करीब पहुंचकर उसके साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं। वे कभी उसकी पूंछ खींचते हैं, तो कभी सूंड को छूकर उसे परेशान करते नजर आते हैं। 

जानलेवा साबित हो सकती थी हरकत

हाथी जैसे विशाल और ताकतवर जंगली जानवर के इतने करीब जाकर इस तरह की हरकत करना बेहद खतरनाक हो सकता है। स्थानीय लोग इस हाथी को 'टुंगुरु' के नाम से बुलाते हैं। बताया जा रहा है कि यह हाथी पिछले कुछ महीनों से हिंदोल इलाके में घूम रहा है। हाथी गांव के बीचोंबीच से लेकर स्कूल परिसर तक पहुंच जाता है। 

वन्यजीवों की सुरक्षा पर सवाल

हालांकि, अब तक इस हाथी ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया है। हाथी भले ही अब तक शांत रहा हो, लेकिन उसे छेड़ना या उसके शरीर के किसी हिस्से को खींचना कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है। जंगली हाथी अचानक आक्रामक हो सकता है और ऐसी स्थिति में किसी को संभलने का मौका भी नहीं मिल सकता। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इन वीडियो ने एक बार फिर वन्यजीवों के प्रति लोगों के व्यवहार और उनकी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जंगली जानवरों के साथ इस तरह का जोखिम भरा व्यवहार न केवल इंसानों के लिए खतरनाक है, बल्कि जानवरों को भी तनाव और परेशानी में डाल सकता है। (इनपुट- शुभम कुमार)

यह भी पढ़ें-

दिवाली पर अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन की आवाज में 'ओम जय जगदीश हरे', खुद शेयर किया वीडियो

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।