दुबई में रहने वाले एक भारतीय व्यक्ति ने मॉल ऑफ द एमिरेट्स के कर्मचारियों की सेवा और संवेदनशीलता की भरपूर तारीफ की है। रियल एस्टेट एग्जीक्यूटिव रवि चौहान ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि उनकी पांच साल की बेटी अधीरा के साथ हुई छोटी सी घटना के बाद मॉल स्टाफ ने न सिर्फ तुरंत मदद की, बल्कि अगले दिन फोन करके हालचाल भी पूछा। इस छोटे से जेस्चर ने उन्हें दुबई की असली पहचान का अहसास दिलाया।
इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर @ravii15_silveroak नामक हैंडल से शेयर किया गया है। रवि ने बताया कि पिछले हफ्ते वे अपनी बेटी के साथ मॉल ऑफ द एमिरेट्स गए थे। अधीरा बहुत एक्टिव है और हमेशा दौड़ती-भागती रहती है। एस्केलेटर के पास खेलते-खेलते वह फिसलकर गिर गई और उसे हल्की खरोंच आ गई। तुरंत मॉल की सिक्योरिटी टीम वहां पहुंच गई। उन्होंने फर्स्ट एड किट निकाली, घाव पर बैंडेज लगाया और छोटी बच्ची को खुश करने के लिए चॉकलेट भी दी। रवि इस देखभाल से प्रभावित होकर घर लौट आए। लेकिन असली सरप्राइज अगले दिन हुआ। मॉल ऑफ द एमिरेट्स की कस्टमर सर्विस टीम ने परिवार को फोन किया और पूछा कि अधीरा कैसी है, घाव ठीक हो रहा है या नहीं। बच्ची ने खुद भी उनसे बात की। रवि ने कहा, 'जस्ट इमेजिन, और कहां मिलेगी ऐसी सर्विस और केयर? हम अक्सर लग्जरी और दूसरी चीजों की बात करते हैं, लेकिन ये छोटे-छोटे जेस्चर कितने महत्वपूर्ण हैं, इसे हम भूल जाते हैं। ये वो छोटी-छोटी बातें हैं जिनका अनुभव आपको दुनिया में हर जगह नहीं मिलता, और यही बात दुबई को बाकी जगहों से अलग बनाती है। मुझे और मेरी बेटी को ये अनुभव पाकर बहुत खुशी हुई है। मैं सचमुच खुद को भाग्यशाली मानता हूं।'
'छोटे-छोटे पल ही सबसे ज्यादा बातें बयां करते हैं'
इस वीडियो को इस कैप्शन के साथ साझा किया गया था, 'कभी-कभी सबसे छोटे पल ही किसी जगह के बारे में सबसे ज्यादा बताते हैं। मेरी बेटी मॉल ऑफ द एमिरेट्स में घायल हो गई थी, और लोगों की प्रतिक्रिया ने मुझे सचमुच भावुक कर दिया। हम अक्सर दुबई की इमारतों, जीवनशैली और अवसरों के बारे में बात करते हैं। लेकिन कभी-कभी, यह लोग और छोटी-छोटी चीजें ही होती हैं जो आपको यह एहसास दिलाती हैं कि आप जहां रहते हैं वह कितना कीमती है।'
यूजर्स ने दी प्रतिक्रियाएं
इस वीडियो के वायरल होने के बाद इस पर कई यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं। एक यूजर ने लिखा कि, 'दुबई कभी किसी को निराश नहीं करेगा।'
दूसरे यूजर ने लिखा कि, 'दुबई जैसा कोई शहर नहीं।'
तीसरे यूजर ने लिखा कि, 'इसीलिए दुबई सबसे अच्छा है।'
चौथे यूजर ने लिखा कि, 'यही है दुबई। मैं यहां 9 साल से रह रहा हूं और वास्तव में यहाँ हर कोई बहुत ही प्यारा और विनम्र है।'
गौरतलब है कि, इससे पहले एक भारतीय महिला ने दुबई में अपना ₹31 लाख रेंट वाला 1BHK दिखाया था, जिसका वीडियो काफी वायरल हुआ था।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया और रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर आधारित है। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
ये भी पढ़ें -