अभिषेक बनर्जी को बेल व्यू अस्पताल ने डिस्चार्ज कर दिया है। अभिषेक बनर्जी के साथ बंगाल के सोनारपुर में मारपीट हुई थी। गुस्साई भीड़ ने लात-घूंसे और थप्पड़ मारे थे। इसके बाद उन्हें अपोलो अस्पताल ले जाया गया था। जहां से उन्हें बेल व्यू अस्पताल रेफर किया गया था। जांच के बाद अस्पताल प्रबंधन की तरफ से कहा गया कि अभिषेक बनर्जी को फिजिकल इंजरी नहीं है छाती पर खरोंच के निशान हैं। ऐसे में उन्हें भर्ती करने की जरुरत नहीं है। अभिषेक बनर्जी को एहतियातन कुछ दवाएं लिखी गईं हैं।
अभिषेक ने कहा कि बीजेपी ने उन्हें मारने की साजिश की थी। ममता ने भी अभिषेक पर हमले को लेकर बीजेपी को घेरा है। ममता बनर्जी ने अभिषेक बनर्जी को अस्पताल में भर्ती ना करने पर बड़ा आरोप लगाया है। ममता बनर्जी ने कहा कि डीसी साउथ अस्पताल और डॉक्टर पर दबाव बना रहे हैं, उन्हें धमकाया जा रहा है, डराया जा रहा है। ममता ने कहा कि राहुल गांधी ने उन्हें फोन किया और कहा कि जरुरत पड़ी तो अभिषेक को हैदराबाद ले जाएंगे।
ममता का आरोप
ममता बनर्जी ने मीडिया से कहा, "मैं बहुत दुख के साथ कहना चाहती हूं कि मैं बीजेपी सरकार के व्यवहार को देखकर स्तब्ध और दुखी हूं। वे पुलिस-प्रशासन के जरिए सभी अस्पतालों को धमका रहे हैं कि अभिषेक बनर्जी को भर्ती न करें, उसका इलाज न करें। दोनों अस्पतालों ने उसकी गंभीरता के बारे में बताया था। उसे ITU (इंटेंसिव थेरेपी यूनिट) में भर्ती किया गया था। जब मैं मिस्टर टंडन के साथ बैठी थी, तो वह मुझसे कह रहे थे कि उन्हें पुलिस और बीजेपी नेताओं से धमकी भरे फोन आ रहे हैं कि अभिषेक बनर्जी को भर्ती न किया जाए। डॉक्टर भी माफी मांग रहे हैं और दुखी हैं। हमने उसे घर भेज दिया है, वहां फैमिली डॉक्टर कमरे के अंदर ही अस्पताल बनाएंगे। अगर जरूरत नहीं थी तो दो घंटे तक उसे ITU में क्यों रखा गया?"
डॉक्टरों को धमकाने का आरोप
ममता ने कहा, "अपोलो में भी धमकी दी गई। डॉक्टर कह रहे थे कि मुझे CEO से इजाजत लेने दो। यहां लाए तो डॉक्टर ने तुरंत उसे भर्ती किया। जिस तरह से उस पर हमला हुआ, वह मौके पर ही मर सकता था। डॉक्टरों ने कहा कि उसके पूरे शरीर पर खून के थक्के के निशान हैं, उसका ब्लड प्रेशर ऊपर-नीचे हो रहा है। डॉक्टर उसे डिस्चार्ज नहीं करना चाहते थे, लेकिन अपनी नौकरी बचाने के लिए उन्हें करना पड़ा। डीसी साउथ मेरे सामने धमका रहा था। हम कहां रह रहे हैं? दिल्ली के बीजेपी नेता भी इतने बुरे नहीं हैं। क्या उन्हें शर्म नहीं आती? वे CID को धमका रहे हैं। वे मेरे घर पर भी नोटिस लगाने आए थे। CID के लोग कायरों की तरह घूम रहे थे। पुलिस को बताया गया था और वे स्थानीय लोग नहीं थे, उन्हें बाहर से लाया गया था।"
जनता जवाब देगी- ममता
बंगाल की पूर्व सीएम ने कहा, "वे लोगों को, धार्मिक समूहों को धमका रहे हैं, जनता जवाब देगी। हम भी सत्ता में रहे हैं, लेकिन हमने कभी किसी को हाथ नहीं लगाया। जो घटना हुई, उससे ज्यादा शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता। कल से TMC कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे और मैं 2 जून से रानी रासमणि एवेन्यू से अपना धरना शुरू करूंगी। हमने पुलिस को सहयोग के लिए सूचित कर दिया है। वे कौन होते हैं सिस्टम को कंट्रोल करने वाले? उन्हें कानून और नियम के हिसाब से काम करना होगा। मैंने अपने सामने चर्चा देखी, वे धमकाते हैं। बीजेपी अमानवीय हो गई है, यह क्रूरता है।"
अभिषेक की आंख में समस्या
ममता ने कहा, "हमें बताए बिना अस्पताल ने पुलिस के दबाव में मेडिकल बुलेटिन जारी कर दिया। उसकी आंख में समस्या है। अगर कोई मेडिकल दिक्कत होती है तो इन दोनों अस्पतालों की जिम्मेदारी होगी। मैं सभी से अपील करती हूं कि इन अस्पतालों में न आएं, ये अमानवीय हैं। सुरक्षा में चूक हुई है। यह वह बदलाव नहीं है जो बंगाल के लोग चाहते थे। राहुल गांधी ने मुझे फोन किया और कहा कि जरूरत पड़ी तो उसे हैदराबाद ले जाया जा सकता है। मैंने सभी ट्वीट देखे हैं। उसकी तबीयत ठीक नहीं है।"
यह भी पढ़ें-