1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. टीएमसी के पूर्व पार्षद पर एंबुलेंस चालक ने लगाया रंगदारी और मारपीट का आरोप, भाजपा विधायक ने की जांच की मांग

टीएमसी के पूर्व पार्षद पर एंबुलेंस चालक ने लगाया रंगदारी और मारपीट का आरोप, भाजपा विधायक ने की जांच की मांग

 Published : Aug 06, 2026 02:44 pm IST,  Updated : Aug 06, 2026 02:53 pm IST

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक एंबुलेंस चालक ने पूर्व तृणमूल पार्षद हीरालाल बाउरी पर रंगदारी (उगाही) नहीं देने पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। हालांकि, आरोपी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। घायल चालक ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग को लेकर प्रशासन से गुहार लगाई है।

west bengal- India TV Hindi
एंबुलेंस चालक मानिक धीबर का पूर्व तृणमूल पार्षद पर आरोप Image Source : REPORTER INPUT

दुर्गापुर के गांधी मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल के सामने कार्यरत एंबुलेंस चालक मानिक धीबर ने पूर्व पार्षद हीरालाल बाउरी पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि तृणमूल शासन के दौरान उन्हें हर महीने पूर्व पार्षद हीरालाल बाउरी को 10 हजार रुपये देने पड़ते थे। उनका दावा है कि डर के कारण वह हर महीने ऑनलाइन माध्यम से यह रकम पूर्व पार्षद हीरालाल को भेजते थे। लेकिन राज्य में सरकार बदलने के बाद उन्होंने यह रकम देना बंद कर दिया था। इसके बाद हाल ही में आरोपी ने कथित तौर पर नशे की हालत में उन्हें सड़क पर गिराकर उनसे मारपीट की। चालक का यह भी दावा है कि उन्हें धमकी दी गई कि दुर्गापुर पश्चिम के भाजपा विधायक लक्ष्मण चंद्र घोड़ुई भी उन्हें नहीं बचा पाएंगे।

इसके बाद उन्होंने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग करते हुए प्रशासन से शिकायत की है। वहीं, पूर्व तृणमूल पार्षद हीरालाल बाउरी ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और राजनीतिक साजिश बताते हुए खारिज कर दिया है। इधर, दुर्गापुर पश्चिम के भाजपा विधायक लक्ष्मण चंद्र घोड़ुई ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो पुलिस को तत्काल आरोपी को गिरफ्तार करना चाहिए।

घायल एंबुलेंस चालक ने ई-मेल के माध्यम से पुलिस के पास लिखित शिकायत भी दर्ज कराई है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और इस पर आगे क्या कार्रवाई की जाती है। आपको बता दें कि इससे पहले पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने X पर एक पोस्ट करके बताया था, कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई हुई है। कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी हाल में जबरन वसूली और भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हम अपने प्रशासनिक तंत्र को पूरी तरह से साफ-सुथरा बनाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।

मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी प्रशासनिक विभागों को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि गैर-कानूनी तरीके से जबरन वसूली में शामिल पाए जाने वाले किसी भी सरकारी कर्मचारी को गंभीर कानूनी नतीजों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि हम एक पारदर्शी, निष्पक्ष और भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

(पश्चिम बंगाल से बिज्जू मंडल की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें:

रिश्वतखोरी पर पश्चिम बंगाल सरकार का कड़ा एक्शन, 2 अफसर सस्पेंड, मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा- 'भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।