पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भवानीपुर विधानसभा सीट काफी अहम है। यहां से टीएमसी और बीजेपी दोनों पार्टियों के शीर्ष नेता चुनाव लड़ रहे हैं। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (TMC) अपनी पारंपरिक सीट से मैदान में हैं, जबकि विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी (BJP) उन्हें सीधे चुनौती दे रहे हैं।
मुख्य मुकाबला टीएमसी और बीजेपी के बीच
इसके अलावा श्रीजीब बिस्वास (CPM) और प्रदीप प्रसाद (कांग्रेस) भी चुनावी मैदान में हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला टीएमसी और बीजेपी के बीच ही माना जा रहा है। यह सीट दक्षिण कोलकाता की है और राज्य की राजनीति में प्रतीकात्मक महत्व रखती है।
बीजेपी बता रही इसे चक्रव्यूह
भवानीपुर में इस बार सुवेंदु अधिकारी अब ममता के गढ़ में घुसकर चुनौती दे रहे हैं। बीजेपी इसे चक्रव्यूह बता रही है, जबकि टीएमसी इसे अपनी शक्ति का प्रदर्शन मान रही है। 2021 में भवानीपुर सीट पर टीएमसी ने मजबूत पकड़ बनाए रखी थी। टीएमसी उम्मीदवार शोभनदेव चट्टोपाध्याय ने 73,505 वोटों के साथ जीत हासिल की थी। बीजेपी से रुद्रनील घोष दूसरे स्थान पर रहे थे, उन्हें 44,786 वोट मिले थे। कांग्रेस और अन्य उम्मीदवारों को बहुत कम वोट मिले।
उपचुनाव में जीती थीं ममता बनर्जी
हालांकि, ममता बनर्जी उस समय नंदीग्राम से चुनाव हार गई थीं। इसलिए उन्होंने 2021 में भवानीपुर से उपचुनाव लड़ा और अक्टूबर 2021 में रिकॉर्ड अंतर से चुनाव जीतीं। ममता बनर्जी ने बीजेपी उम्मीदवार प्रियंका तिबरेवाल को लगभग 58,835 वोटों के भारी अंतर से हराया था।
2026 का चुनावी समीकरण
वहीं, इस बार पश्चिम बंगाल में मुख्य लड़ाई टीएमसी बनाम बीजेपी की है। 2021 में टीएमसी ने 215 सीटें जीती थीं, जबकि बीजेपी 77 पर सिमट गई थी। लेकिन 2024 लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने कुछ सुधार दिखाया, हालांकि टीएमसी अभी भी मजबूत स्थिति में है।