West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी के बीच BJP ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और TMC के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत की है। बीजेपी ने औपचारिक तौर पर शिकायत दर्ज कराई है। बीजेपी का आरोप है कि ममता बनर्जी और उनकी पार्टी TMC, आदर्श आचार संहिता यानी MCC और चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों का उल्लंघन कर रहे हैं। वह जनता को गलत तरीके से प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।
ममता बनर्जी के बयानों पर आपत्ति
बीजेपी का आरोप है कि ममता बनर्जी ने जनसभाओं में “भ्रामक, झूठे और भड़काऊ” बयान दिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम में चिप डालकर छेड़छाड़ की जा सकती है। बीजेपी ने इसे निराधार बताया और कहा कि यह चुनावी प्रक्रिया की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाता है।
AI वीडियो से फेक न्यूज फैलाने का आरोप लगाया
बीजेपी ने आरोप लगाया कि TMC सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स पर AI-जनरेटेड और मैनिपुलेटेड वीडियो प्रसारित कर रही है। इसमें निशाने पर भाजपा नेतृत्व, जिसमें प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री शामिल हैं। शिकायत के अनुसार, वीडियो का कंटेंट मानहानिकारक, तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया और मतदाताओं को गुमराह करने के लिए बनाया गया है।
बीजेपी ने की जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
बीजेपी ने भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और ECI दिशानिर्देशों का हवाला दिया। साथ ही, आरोप लगाया कि ऐसे वीडियो दुश्मनी, गलत सूचना और चुनावी हेरफेर को बढ़ावा देते हैं। ऐसा कंटेंट विभाजन पैदा करके और असत्यापित आरोप फैलाकर MCC मानदंडों का उल्लंघन करता है।
पश्चिम बंगाल में TMC-BJP के बीच कड़ी टक्कर
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी और बीजेपी के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। यहां दो चरणों में मतदान संपन्न होगा। पहले 23 अप्रैल को मतदान होगा और वहीं, दूसरे चरण में 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। इसके बाद 4 मई को नतीजे आएंगे और उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला सामने आएगा।