पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को कहा कि राज्य अगले कुछ वर्षों में आर्थिक रूप से मजबूत हो जाएगा और हर क्षेत्र में तेजी से तरक्की करेगा। कोलकाता के पूर्वी हिस्से में मिलन मेला मैदान में एक 'टेक्सटाइल एक्सपो' का उद्घाटन करते हुए उन्होंने राज्य के औद्योगिक विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
"आर्थिक रूप से मजबूत हो जाएगा बंगाल"
मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि वह 17 अगस्त को पुरुलिया में 4,000 करोड़ रुपये के इस्पात संयंत्र की आधारशिला रखेंगे। शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में हर महीने नई फैक्टरियां लगाने के लिए शिलान्यास समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, "अगले एक-दो साल में बंगाल आर्थिक रूप से मजबूत हो जाएगा और हर क्षेत्र में तेजी से तरक्की करेगा। हम एक महीने के अंदर कम से कम 25 उद्योगों को जमीन सौंप देंगे।"
सीएम शुभेंदु ने बताया कि उनकी सरकार ने नए उद्योग लगाने के लिए जमीन अधिग्रहण की नीति शुरू की है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस हफ्ते की शुरुआत में राष्ट्रीय राजधानी में हुई एक बैठक में कहा कि केंद्र सरकार राज्य के चाय और वस्त्र क्षेत्र को विकसित करना चाहती है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने नादिया और पूर्व बर्द्धमान जिलों के वस्त्र उद्योग केंद्रों का व्यापक दौरा किया था और वहां की समृद्ध विविधता को देखा था। उन्होंने कहा, "केंद्रीय वित्त मंत्री 24 से 28 अगस्त के बीच फिर से बंगाल का दौरा करेंगी।" बीत दिनों शुभेंदु अधिकारी ने ये भी ऐलान किया था कि आगामी 1 सितंबर से पश्चिम बंगाल के सभी सरकारी क्षेत्रों में मातृभाषा बंगाली को अनिवार्य कर दिया गया है।
बंगाल में बीजेपी के पहले सीएम शुभेंदु अधिकारी
बता दें कि शुभेंदु अधिकारी ने 9 मई 2026 को पश्चिम बंगाल के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली और वे राज्य के इतिहास में बीजेपी से पहले मुख्यमंत्री बने हैं। इससे पहले, वे 2021 से 2026 तक विधानसभा में विपक्ष के नेता रहे थे और 2021 के चुनाव में नंदीग्राम सीट से ममता बनर्जी को हराया था। 2026 में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 208 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया और राज्य में पहली बार अपनी सरकार बनाई। वहीं, ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (TMC) को 80 सीटें और अन्य दलों को शेष सीटें मिलीं।
ये भी पढ़ें-
'काम नहीं तो सैलरी भी बंद करें', रेजिडेंट डॉक्टर्स की हड़ताल पर बॉम्बे हाईकोर्ट की कड़ी फटकार
VIDEO: समुद्र की तरह हिलोरें मारता पानी, गुजरात के मोरबी में दिखा रहस्यमयी कुआं, लोग हैरान