1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'जहां मुसलमान ज्यादा है वहां मत जाइए', शुभेंदु अधिकारी के बयान की टीएमसी ने की आलोचना

'जहां मुसलमान ज्यादा है वहां मत जाइए', शुभेंदु अधिकारी के बयान की टीएमसी ने की आलोचना

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Jul 11, 2025 01:23 pm IST,  Updated : Jul 11, 2025 01:25 pm IST

पश्चिम बंगाल भाजपा के नेता शुभेंदु अधिकारी ने एक बयान में कहा था कि जहां मुसलमान ज्यादा हैं वहां घूमने मत जाइए। इस बयान पर टीएमसी ने आपत्ति जताई है। दरअसल यह बयान ऐसे समय पर आया है जब सीएम ममता बनर्जी ने सीएम उमर अब्दुल्ला से कल मुलाकात की और बंगाल के लोगों को जम्मू कश्मीर घूमने जाने को कहा।

Do not go where Muslims are more TMC criticized Shubhendu Adhikari statement- India TV Hindi
शुभेंदु अधिकारी के बयान की टीएमसी ने की आलोचना Image Source : ANI

पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने बयान देते हुए कहा था कि जिस इलाके में मुसलमान हैं, उस इलाके में मत जाइए। अपनी जान की और अपने बच्चों की रक्षा कीजिए। शुभेंदु अधिकारी का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जम्मू कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला से मुलाकात कर बंगाल के लोगों को जम्मू कश्मीर जाने की बात कही थी। शुभेंदु अधिकारी के इस बयान पर तृणमूल कांग्रेस ने प्रतिक्रिया दी है। टीएमसी ने इसकी आलोचना करते हुए एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है।

तृणमूल कांग्रेस ने की आलोचना

तृणमूल कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, 'कल सीएम ममता बनर्जी ने सीएम उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की और बंगाल के लोगों से जम्मू कश्मीर जाने का आग्रह किया। लेकिन भाजपा नेता खुले तौर पर लोगों को जम्मू कश्मीर जाने को लेकर हतोत्साहित कर रहे हैं। आतंकवादियों ने कश्मीर की अर्थव्यवस्था को पंगु बनाने के लिए पहलगाम में हमला किया और शुभेंदु अधिकारी उन्हें वही सौंप देना चाहते हैं। यह सांप्रदायिक उकसावे वाला बयान है। यह वही भाजपा है जो संविधान को मिटाना चाहती है। इस तरह के बयानों की जगह इस लोकतांत्रिक देश में नहीं है। हम भारतीयों के बीच भाजपा को विवाद पैदा नहीं करने देंगे, ना ही कश्मीर में, ना ही बंगाल में बल्कि कहीं भी नहीं।'

क्या बोले शुभेंदु अधिकारी

शुभेंदु अधिकारी ने बयान देते हुए कहा, 'जहां मुसलमान आबादी है, वहां मत जाओ। कश्मीर जाना है तो जम्मू में जाओ। कपड़ा खोलकर के, सिंदूर देखकर मारा है। हिमाचल प्रदेश जाइए, उत्तराखंड जाइए, देवभूमि है, ओडिशा जाइए, पूरा देश घूमना चाहिए। मैं बंगाल का एक नागरिक हूं। बिटन अधिकारी की पत्नी ने जो बताया और जितने आंसू उनके मैंने देखें हैं, इस लिहाज से मैं बता रहा हूं कि आप मत जाइए। जान पहले, छोटे-छोटे बच्चों की रक्षा कीजिए, दीदी बहन की रक्षा पहले।' बता दें कि शुभेंदु अधिकारी ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले और फिर सीएम ममता बनर्जी और सीएम उमर अब्दुल्ला की मीटिंग को लेकर यह बयान जारी किया है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।