पश्चिम बंगाल में सात नगर पालिकाओं के चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक, काली पूजा के बाद राज्य की सात नगर पालिकाओं में चुनाव कराए जा सकते हैं। इन निकायों में नवंबर के आखिरी हफ्ते में वोटिंग होने की संभावना है, जबकि दिसंबर के पहले हफ्ते में काउटिंग कराए जाने की संभावना जताई जा रही है।
चुनाव की तारीखों का अभी आधिकारिक ऐलान नहीं
सूत्रों के अनुसार, जिन सात नगर पालिकाओं में चुनाव होने की संभावना है। इनमें कोलकाता, हावड़ा, बाली, धूपगुड़ी, हल्दिया, कोरशियांग और कलिम्पोंग शामिल हैं। हालांकि, चुनाव की आधिकारिक तारीखों का ऐलान अभी नहीं किया गया है। स्थानीय स्तर पर पार्टियां और नेता चुनाव की तैयारी में अब भी से जुट गए हैं।
EVM को पहुंचाने की प्रक्रिया अगले हफ्ते से
चुनाव की तैयारियों के तहत ईवीएम को संबंधित नगर पालिका क्षेत्रों तक पहुंचाने की प्रक्रिया भी शुरू होने की बात सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, अगले हफ्ते के अंत तक सातों नगर पालिकाओं में ईवीएम पहुंचने की संभावना है।
चुनाव को लेकर जिला प्रशासन की कल वर्चुअल बैठक
वहीं, चुनावी तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक भी प्रस्तावित है। सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को जिला प्रशासन के साथ वर्चुअल बैठक हो सकती है। इस बैठक में चुनाव की तैयारियों, ईवीएम की उपलब्धता और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा किए जाने की संभावना है।
चुनावी प्रचार और टिकट की दौड़ में उम्मीदवार
फिलहाल चुनाव आयोग की ओर से मतदान और मतगणना की तारीखों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। अगर मौजूदा कार्यक्रम के मुताबिक चुनाव होते हैं, तो नवंबर के आखिरी हफ्ते में वोटिंग और दिसंबर के पहले हफ्ते में वोटों की गिनती कराई जा सकती है। इन सातों नगरपालिका में चुनाव की सुगबुगाहट शुरू हो गई है। सभी पार्टी के नेता और उम्मीदवार चुनावी प्रचार और टिकट की दौड़ में लग गए हैं।
चुनावी तैयारियों की समीक्षा
चुनाव से पहले प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां तेज होने की संभावना है। ईवीएम को संबंधित क्षेत्रों तक पहुंचाने और जिला प्रशासन के साथ बैठक के जरिए चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद मतदान केंद्रों, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा सकता है।
ये भी पढ़ें:
VIDEO: घर से कुर्सी लाकर थाने के दरवाजे पर धरने पर बैठे हुमायूं कबीर, जानिए क्या है पूरा मामला