1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. VIDEO: घर से कुर्सी लाकर थाने के दरवाजे पर धरने पर बैठे हुमायूं कबीर, जानिए क्या है पूरा मामला

VIDEO: घर से कुर्सी लाकर थाने के दरवाजे पर धरने पर बैठे हुमायूं कबीर, जानिए क्या है पूरा मामला

 Reported By: Onkar Sarkar,  Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 24, 2026 03:48 pm IST,  Updated : Sep 24, 2026 07:14 pm IST

आम जनता उन्नयन पार्टी के चेयरमैन और विधायक हुमायूं कबीर अपनी गाड़ी में कुर्सी लेकर आए हुए थे। थाने के मुख्य गेट के बाहर ही हुमायूं कबीर ने धरना शुरू कर दिया।

पुलिस थाने के बाहर बैठे हुमायूं कबीर- India TV Hindi
पुलिस थाने के बाहर बैठे हुमायूं कबीर Image Source : REPORTER INPUT

पश्चिम बंगाल के रेजीनगर में गुरुवार को आम जनता उन्नयन पार्टी के चेयरमैन और विधायक हुमायूं कबीर अचानक थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। हुमायूं कबीर अपनी गाड़ी में कुर्सी लेकर रेजीनगर थाने पहुंचे और मुख्य गेट के बाहर धरना शुरू कर दिया। उनके धरने के चलते थाने के बाहर राजनीतिक गतिविधि तेज हो गई।

समर्थकों को चुनाव प्रचार से रोका जा रहा- हुमायूं कबीर

हुमायूं कबीर का आरोप है कि उनकी पार्टी के समर्थकों को चुनाव प्रचार करने से रोका जा रहा है, जबकि अन्य राजनीतिक दलों को प्रचार की अनुमति दी जा रही है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अधिकारियों पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। हुमायूं कबीर के साथ उनके पार्टी के कार्यकर्ता भी मौजूद हैं। 

पुलिस सत्ताधारी दल की दलाली कर रही- हुमायूं कबीर

धरने के दौरान हुमायूं कबीर ने पुलिस पर सत्ताधारी दल के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पुलिस सत्ताधारी दल की दलाली कर रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जहां पर हुमायूं कबीर बैठे हैं। वहां पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद हैं।

रेजीनगर थाने के अधिकारियों को हटाने की मांग

विधायक ने रेजीनगर थाने के अधिकारियों को हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक मौजूदा अधिकारियों को हटाकर दूसरे अधिकारियों को नहीं लाया जाता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।हुमायूं कबीर ने स्पष्ट किया कि वह शुक्रवार सुबह 8 बजे तक थाने के बाहर ही धरने पर बैठे रहेंगे। इस दौरान उन्होंने अपनी मांगों को लेकर प्रशासन पर दबाव बनाए रखने की बात कही।

रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव

बता दें कि पश्चिम बंगाल की रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है। इसको लेकर विधानसभा में सियासी हलचल तेज है। 2026 के विधानसभा चुनाव में हुमायूं कबीर ने रेजीनगर और नओदा दोनों सीटों से जीत दर्ज की थी। दो सीटों से जीतने के बाद उन्होंने रेजीनगर सीट छोड़ दी और नओदा सीट अपने पास रखी।

हुमायूं कबीर ने अपने बेटे को बनाया उम्मीदवार

इसी वजह से रेजीनगर सीट खाली हुई और वहां 6 अक्टूबर 2026 को उपचुनाव के लिए वोटिंग है। चुनावी नतीजे 9 अक्टूबर को आएंगे। हुमायूं कबीर की पार्टी आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) ने रेजीनगर से उनके बेटे गोलाम नबी आजाद को उम्मीदवार बनाया है

ये भी पढ़ें: 

'मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को किया जाए गिरफ्तार, बंगाल में दोबारा से कराए जाएं चुनाव', ममता बनर्जी की बड़ी मांग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।