West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ी हुई है। इस बीच, कूच बिहार दक्षिण में हुई रैली में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि असम, त्रिपुरा में बीजेपी की सरकार है। जनता इस बार पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार बनवाए और इससे बांग्लादेशी घुसपैठियों को सीमा पार आने से रोकने में मदद मिलेगी। सीएम हिमंता ने खुद कहा कि तीनों राज्यों के अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर तार लगाने का काम पूरा किया जाएगा और वे उसमें बिजली का करंट छोड़ देंगे।
बंगाल में ही क्यों कही जाती है बाबरी की बात?
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि एक आएगा और बाबर की मस्जिद बनाएगा। दूसरा कहेगा कि मैं शाहजहां की मस्जिद बनाऊंगा। ऐसा भारत के बाकी हिस्सों में नहीं होता। क्या उत्तर प्रदेश में कोई कह सकता है कि वह बाबरी मस्जिद बनाएगा? क्या असम में कोई कह सकता है कि वह बाबरी मस्जिद बनाएगा? वे ऐसा कहां कह सकते हैं? वे पश्चिम बंगाल में ऐसा कह सकते हैं। ये सभी लोग ममता बनर्जी की गोद में खेल रहे हैं, इसीलिए कोई भी जो चाहे कह सकता है।
सीएम हिमंता ने कही बिजली के करंट की बात
सीएम हिमंता ने कहा, 'असम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल की सीमाओं पर बाड़ लगाई जाएगी। मैं उसमें बिजली का करंट लगा दूंगा। जो भी आएगा उसे बिजली का झटका लगेगा। लेकिन अभी हम असम और त्रिपुरा में ऐसा कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल में ऐसा नहीं होता। यहां फेंसिंग अधूरी रह जाती है, क्योंकि यहां बीजेपी सरकार नहीं है। इसीलिए बीजेपी को एक मौका दीजिए।
घुसपैठियों को रोकने के लिए असम CM का प्लान
त्रिपुरा में भाजपा सरकार, असम में भाजपा सरकार और पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार हो तो बाड़ में बिजली का करंट होगा। कोई भी घुसपैठिया अंदर नहीं आ पाएगा। घुसपैठिये बिना इजाजत असम, पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा में नहीं आ पाएंगे।
ये भी पढ़ें- महिला आरक्षण के साथ परिसीमन क्यों? यह बंगाल और देश को बांटने की कोशिश: ममता बनर्जी