1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. कोलकाता में शोभा यात्रा से लौट रही गाड़ियों पर पथराव, बीजेपी नेता सुकांत मजूमदार ने ममता सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

कोलकाता में शोभा यात्रा से लौट रही गाड़ियों पर पथराव, बीजेपी नेता सुकांत मजूमदार ने ममता सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

 Published : Apr 07, 2025 06:25 am IST,  Updated : Apr 07, 2025 06:41 am IST

रामनवमी की शोभा यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के खास इंतजाम किए गए थे। बीजेपी नेता ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि शोभा यात्रा के दौरान उनकी गाड़ियों के काफिलों पर हमला किया गया है।

गाड़ियों में पथराव का आरोप- India TV Hindi
गाड़ियों में पथराव का आरोप Image Source : X/DRSUKANTABJP

पश्चिम बंगाल में रामनवमी के दिन जिस बात का डर सुबह से बना हुआ था। वही घटना शोभा यात्रा के बाद हो गई। कोलकाता में शोभा यात्रा से लौट रही गाड़ियों पर पथराव हो गया। बीजेपी नेता सुकांत मजूमदार ने दावा किया कि कोलकाता के पार्क सर्कस सेवन पॉइंट इलाके में रामनवमी की शोभायात्रा पर हमला किया गया। गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। पथराव से कार के शीश चकनाचूर हो गए।

मजूमदार के दावे को पुलिस ने किया खारिज

सुकांत मजूमदार ने कहा कि गाड़ियों को केवल इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि गाड़ियों में भगवा झंडे था। कोलकाता पुलिस ने सुकांत मजूमदार के दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। कोलकाता पुलिस ने कहा कि ऐसी कोई घटना नहीं हुई है। हालांकि बीजेपी इस मामले में ममता सरकार पर गंभीर आरोप लगा रही है।

टार्गेट करके की गई हिंसा

बीजेपी नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो डालते हुए लिखा, 'रामनवमी जुलूस के वापस लौटने पर कोलकाता के पार्क सर्कस सेवन पॉइंट इलाके में हिंदू श्रद्धालुओं पर बर्बर हमला किया गया है। भगवा झंडा ले जाने के कारण वाहनों पर पत्थर बरसाए गए। विंडशील्ड तोड़ दिए गए। इसके कारण अराजकता फैलाई गई। यह कोई यादृच्छिक घटना नहीं थी। यह टार्गेट करके की गई हिंसा थी।' 

गाड़ियों पर हमला, पुलिस खड़ी देखती रही

इसके साथ ही बीजेपी नेता ने पूछा कि पुलिस कहां थी? पुलिस वहीं खामोश खड़ी ये सब देख रही थी। ममता सरकार की पुलिस तुष्टिकरण की राजनीति में पूरी तरह से पंगु हो गई। निर्दोष हिंदुओं की रक्षा के लिए एक भी कदम नहीं उठाया गया। यह कायरतापूर्ण निष्क्रियता एक बात साबित करती है कि रामनवमी के दौरान एकजुट बंगाली हिंदुओं की दहाड़ ने व्यवस्था को हिला दिया है।

अगले साल फूल बरसाएगी पुलिस

इसके साथ मजूमदार ने कहा, 'ममता की लाड़ली 'शांति वाहिनी' शांतिपूर्ण नहीं है। वे घबराए और डरे हुए हैं। यह जान लें कि यह तो बस शुरुआत है। हम कोलकाता से वादा करते हैं, अगले साल, पार्क सर्कस से और भी बड़ा, जोरदार और शक्तिशाली रामनवमी जुलूस निकलेगा। पुलिस वाले जो आज चुप रहे? वे हम पर फूल बरसाएंगे। इन शब्दों को याद रखें।'

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।