1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. मंत्री की कार को लॉरी ने मारी टक्कर, बाल-बाल बची जान

मंत्री की कार को लॉरी ने मारी टक्कर, बाल-बाल बची जान

 Edited By: Amar Deep
 Published : Aug 31, 2025 09:45 pm IST,  Updated : Aug 31, 2025 09:45 pm IST

बंगाल सरकार में मंत्री प्रदीप मजूमदार की कार को एक लॉरी ने टक्कर मार दी। हालांकि इस हादसे में मंत्री मजूमदार बाल-बाल बच गए।

प्रदीप मजूमदार की कार को लॉरी ने मारी टक्कर।- India TV Hindi
प्रदीप मजूमदार की कार को लॉरी ने मारी टक्कर। Image Source : X/PRADIPMAZUMDA15

कोलकाता: पश्चिम बंगाल हावड़ा जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रदीप मजूमदार का एक्सीडेंट हो गया है। हालांकि इस हादसे में वह बाल-बाल बच गए। ये हादसा रविवार की दोपहर को हुआ। जानकारी के मुताबिक हादसे के वक्त मंत्री प्रदीप मजूमदार की कार को एक तेज रफ्तार लॉरी ने टक्कर मार दी। ये हादसा जिले के डोमजूर के पास हुआ है। पुलिस ने हादसे के बारे में जानकारी दी है। दरअसल, ये हादसा नेशनल हाइवे-16 पर उस समय हुई जब मंत्री डानकुनी से कोलकाता की ओर जा रहे थे। 

कार में पीछे से मारी टक्कर

घटना की जानकारी देते हुए पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मंत्री के काफिले के आगे एक पायलट कार थी। चालक के नियंत्रण खो देने के बाद लॉरी ट्रक मंत्री की कार के पिछले हिस्से से टकरा गया। हालांकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन मंत्री सुरक्षित रहे।’’ वहीं मंत्री प्रदीप मजूमदार ने कहा, ‘‘लॉरी ने मेरी कार को टक्कर मारी और तेजी से भाग गई। जब मैंने पीछे मुड़कर देखा, तो दो मोटरसाइकिल सवार सड़क पर पड़े थे। मैं तुरंत कार से बाहर निकला और उन्हें अस्पताल ले जाने का इंतजाम किया।’’ अधिकारी ने बताया कि बाद में पुलिस ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसे हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

ओडिशा में दर्दनाक हादसा

रविवार को ही हुए एक अन्य हादसे में 15 लोग घायल हो गए हैं। ओडिशा के तालचेर शहर में एक तेज रफ्तार सफेद कार ने सड़क पर चल रहे लोगों को बेरहमी से टक्कर मार दी। इस खौफनाक हादसे में कुल 15 लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें पास के तालचेर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह दर्दनाक घटना शर्मा चौक से आईटीआई चौक की ओर जाने वाली सड़क पर हुआ। इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोग सड़क पार कर रहे थे। तभी पीछे से आई एक सफेद कार ने सड़क पर मौजूद लोगों को जबरदस्त टक्कर मार दी। (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।