1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. 'झालमुड़ी मैंने खाई और मिर्ची TMC को लगी', बंगाल के कृष्णानगर में बोले पीएम मोदी

'झालमुड़ी मैंने खाई और मिर्ची TMC को लगी', बंगाल के कृष्णानगर में बोले पीएम मोदी

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Apr 23, 2026 01:30 pm IST,  Updated : Apr 23, 2026 02:09 pm IST

कृष्णानगर में रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं जब से राजनीति में आया हूं, मैं कह सकता हूं कि पिछले 50 साल में ये पहला चुनाव ऐसा है, जिसमें हिंसा कम से कम हुई है। वरना हर हफ्ते किसी न किसी को फांसी पर लटका देते थे और बोल देते थे कि आत्महत्या कर ली। एक प्रकार से गुंडाराज चलता था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी - India TV Hindi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी Image Source : X@BJP4INDIA

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार अभियान ने जोर पकड़ लिया है। कृष्णानगर में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल से मिली जानकारियां संकेत दे रही हैं कि हवा बदल रही है, जहां भी मतदान अधिक हुआ, भाजपा को जीत मिली। उन्होंने कहा कि मैं बंगाल के मतदाताओं को मताधिकार का प्रयोग करने के लिए बधाई देता हूं। 

पीएम मोदी ने कहा कि कृष्णानगर में आज भय पर भरोसे की विजय का विश्वास दिख रहा है। ये उत्साह, ये उमंग, ये जोश भरोसे का है। भय जा रहा है, भरोसा आगे बढ़ रहा है। बरसों से जिनकी आवाज को दबाकर रखा गया था, वो अब एक सुर में बोल रहे हैं, गांव-गांव, गली-गली, स्त्री-पुरुष, युवा-बुजुर्ग सब बोल रहे हैं। 

'झालमुड़ी मैंने खाई और मिर्ची TMC को लगी: मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा-NDA की विजय का परचम आपको पूरी शक्ति से लहराना है। 4 मई को बंगाल में भी भाजपा की विजय का जश्न भी होगा और मिठाई भी बंटेगी और झालमुड़ी भी बांटी जाएगी। झालमुड़ी ने भी कुछ लोगों को झन्नाटेदार झटका दिया है। झालमुड़ी मैंने खाई... लेकिन झाल (मिर्च) टीएमसी को लगी है। यहां तो टीएमसी के विधायकों, मंत्रियों, लोकल नेताओं और इनके सिंडिकेट के खिलाफ इतना गुस्सा है कि कईं जिलों में टीएमसी का खाता तक नहीं खुलेगा।

पीएम मोदी बोले- जंगलराज के खिलाफ पड़ रहा वोट

रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 15 साल पहले वाम के विरुद्ध जनता ने बिगुल फूंका था। आज तृणमूल में जंगलराज के विरुद्ध बंगाल की जनता हर गली मोहल्ले में शंख फूंक रही है। ये चुनाव न मोदी लड़ रहा है और न ही मेरे साथी लड़ रहे हैं। इस बार बंगाल का चुनाव यहां की जनता जनार्दन लड़ रही है। चुनाव का नेतृत्व बंगाल की जनता जनार्दन के हाथ में है। मैं जहां भी जा रहा हूं, लोग एक ही बात कहते हैं कि अब बहुत हो गया।

15 साल बाद ये साफ साफ दिख रहा है कि किसान खेत से लेकर मंडी तक हर भय से मुक्ति के लिए वोट दे रहे हैं। बंगाल के सरकारी कर्मचारी TMC के भय से बाहर निकलने के लिए वोट दे रहे हैं। बंगाल के डॉक्टर भय से मुक्त होकर एक बेहतर सिस्टम के लिए वोट दे रहे हैं। यहां के वकील सच्चा न्याय दिलाने के लिए और शिक्षक भयमुक्त स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी के लिए वोट दे रहे हैं। दुकानदार, रिक्शा वाले, टैक्सी वाले TMC के सिंडिकेट से मुक्ति के लिए वोट कर रहे हैं। और बंगाल की पुलिस भी गुंडों से आदेश लेने की बजाय जनता की सेवा के लिए वोट डाल रही है।

पीएम मोदी ने TMC पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि "TMC के बेरहम शासन की पहचान है 'झूठ बोलना और धोखा देना।' उनके 15 साल के कार्यकाल में किया गया हर एक वादा अधूरा ही रहा है... यहां हर किसी ने स्थानीय नगरपालिका के भीतर TMC के 'लूट' के मॉडल को देखा है। यह शहर बहुत ही बुरी हालत में है... चारों तरफ़ परेशानियाँ ही परेशानियां हैं।  मैं चुनाव आयोग को दिल से बधाई देता हूं। उन्होंने एक बार फिर बंगाल की धरती पर लोकतंत्र की गरिमा को बहाल किया है। मैं यहाँ के सरकारी कर्मचारियों की भी तारीफ़ करता हूं। अब तक मुझे जो जानकारी मिली है, उसके आधार पर मतदाताओं की भागीदारी (वोटर टर्नआउट) पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ रही है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।