कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंडिगो के विमान में बम की अफवाह से हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट के डायरेक्टर का कहना कि कोलकाता से शिलांग जा रही इंडिगो 6E3074 में बम की अफवाह मिली, जो सुबह 9:15 बजे कोलकाता एयरपोर्ट से निकलने वाली थी। बम की अफवाह मिलते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया।
कागज पर लिखा था धमकी भरा नोट
इंडिगो विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। यहां विमान की पूरी तरह से जांच की गई। बोर्डिंग के दौरान क्रू मेंबर्स को एयरक्राफ्ट के टॉयलेट कम्पार्टमेंट के अंदर एक कागज मिला, जिस पर लिखा था कि विमान के अंदर बम है। इसके तुरंत बाद यात्रियों को एयरक्राफ्ट से उतार लिया गया। चेकिंग का काम अभी भी चल रहा है।
बरती जा रही सावधानी
एयरपोर्ट के अधिकारियों ने कहा कि पैसेंजर और एयरक्राफ्ट ऑपरेशन की सेफ्टी पक्का करने के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के हिसाब से सभी सावधानी के उपाय किए जा रहे हैं। फ्लाइट रोके जाने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कुछ दिन पहले भी सामने आई थी अफवाह
दो सप्ताह पहले इसी तरह की एक घटना में कुवैत सिटी से दिल्ली जा रही एक अन्य इंडिगो फ्लाइट को अहमदाबाद की ओर मोड़ दिया गया था, जब चालक दल को विमान में एक टिशू पेपर पर अपहरण और बम की धमकी लिखी हुई मिली थी।
कुछ भी नहीं मिला था संदिग्ध
चालक दल के सदस्यों सहित 180 लोगों के साथ विमान सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया और विस्तृत सुरक्षा जांच की गई थी। हालांकि, कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया था।