तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष सोमवार को कोलकाता में अपने घर पर गिरने से चोटिल हो गए। पार्टी नेताओं ने यह जानकारी दी। तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने बताया कि पार्टी के प्रदेश महासचिव और प्रवक्ता घोष वाशरूम में गिर गए और उनके पैर में काफी चोट आई है।
डॉक्टरों की निगरानी में हैं कुणाल घोष
पूर्व राज्यसभा सदस्य घोष को साल्ट लेक में एक निजी अस्पताल ले जाया गया और इस समय वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। एक नेता ने बताया कि घोष की सर्जरी की जा सकती है और डॉक्टर उनकी सेहत का आकलन करने के बाद इस बारे में निर्णय लेंगे।
पैर में आईं हैं गंभीर चोटें
टीएमसी नेता ने कहा, 'एक्स-रे, स्कैन और दूसरी जांच हो चुकी हैं। डॉक्टर उनकी सेहत पर नजर रखे हुए हैं। चूंकि उनके पैर में गंभीर चोट लगी है, इसलिए सर्जरी की जरूरत होगी।’
शारदा चिटफंड मामले में जा चुके हैं जेल
कुणाल घोष का नाम शारदा चिटफंड घोटालों से भी जुड़ा रहा है। 2013 में इस मामले में घोष को जेल की सजा भी हुई थी। बाद में जमानत और पार्टी की फिर से वापसी ने उन्हें राजनीतिक पटल पर लौटा दिया। कुणाल घोष को ममता बनर्जी का काफी करीबी माना जाता है। आज भी जांच एजेंसियां कुणाल घोष के ऊपर सीबीआई से लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) तक उनकी भूमिका पर सवाल उठाती रहती हैं।
(भाषा के इनपुट के साथ)