1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने IPS अजय पाल शर्मा को दी चेतावनी, कहा- 'खेल तुमने शुरू किया खत्म हम करेंगे, CRPF को हवा में उड़ा देंगे'

TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने IPS अजय पाल शर्मा को दी चेतावनी, कहा- 'खेल तुमने शुरू किया खत्म हम करेंगे, CRPF को हवा में उड़ा देंगे'

 Published : Apr 28, 2026 03:29 pm IST,  Updated : Apr 28, 2026 03:42 pm IST

पश्चिम बंगाल के फाल्टा से TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने सेंट्रल ऑब्जर्वर और IPS अजय पाल शर्मा को चेतावनी दी है। जहांगीर खान ने कहा है कि खेल तुमने शुरू किया खत्म हम करेंगे।

TMC jahangir khan warns ips ajay pal sharma- India TV Hindi
जहांगीर खान ने IPS अजय पाल शर्मा को दी धमकी। Image Source : REPORTER

पश्चिम बंगाल में दूसरे फेज के चुनाव से पहले लगातार धमकियों का दौर शुरू हो गया है। एक तरफ ममता बनर्जी के भतीजे और डायमंड हार्बर से लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी कहा है कि 4 मई के बाद देखता हूं कि कौन दिल्ली से बचाने आता है। तो वहीं, उनके करीबी और फाल्टा से TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने उत्तर प्रदेश के पुलिस अधिकारी और सेंट्रल ऑब्जर्वर अजय पाल शर्मा को खुली धमकी दी है। जहांगीर खान ने कहा है कि खेल तुमने शुरु किया है खत्म हम करेंगे। इतना ही नहीं जहांगीर खान ने ये तक कह दिया है कि CRPF को हवा में उड़ा कर रख देंगे।

जहांगीर खान ने क्या कहा?

उत्तर प्रदेश के पुलिस अधिकारी और सेंट्रल ऑब्जर्वर अजय पाल शर्मा पर तीखा हमला बोलते हुए TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने कहा- "उन्होंने इस खेल की शुरूआत की है लेकिन खत्म हम करेंगे। पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त अगर आप लोग सोच रहे हो कि कुछ CRPF के जवानों के साथ आप बच जाओगे तो आप गलत हो हमारे यहां पर लोग ही असली ताकत हैं अगर लोग साथ चलने लगे तो CRPF को हटा कर रख देंगे।" जहांगीर खान ने आगे कहा कि अगर यहां के लोग पैदल चलें तो CRPF के लोग हवा में उड़ जाएंगे। उसने आगे कहा कि उसे पता है कि कैसे टाइट करना है और पुष्पा स्टाइल में कहा कि TMC वालों ने झुकना नहीं सीखा है।

फाल्टा से TMC उम्मीदवार जहांगीर खान ने कहा कि पुलिस ने TMC कार्यकर्ताओं को धमकाया है। महिला वोटर्स को भी धमकी दी गई है। जहांगीर खान ने कहा है कि IPS अजय पाल ने एनकाउंटर की धमकी दी है। जहांगीर ने  कहा कि BJP IPS अजय पाल के कहने पर धमकी दे रहे हैं। बंगाल के लोग बीजेपी को जवाब देंगे। बंगाल में लोग ऐसी धमकी से डरेंगे नहीं।

धमकीबाजों के खिलाफ एक्शन भी शुरू

दूसरी ओर बंगाल में धमकीबाजों के खिलाफ एक्शन भी शुरू हो गया है। चुनाव ऑब्जर्वर अजय पाल शर्मा के नेतृत्व में फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। उन लोगों की धर पकड़ की जा रही है जो वोटरों को धमका रहे थे। दरअसल, जब चुनाव ऑब्जर्वर अजय पाल शर्मा को कल इस बात की सूचना मिली थी कि जहांगीर खान और उसके गुर्गों के जरिए वोटरों को धमकाया जा रहा है तब अजय पाल शर्मा ने फाल्टा में जाकर कहा था कि कायदे में रहोगे तो फायदे में रहोगे जिसके बाद ये एक्शन लिया जा रहा है। जहांगीर खान का फाल्टा में किस गदर खौफ है। इसका उदाहरण है कि जब IPS अजय पाल शर्मा जब जहांगीर का घर खोज रहे थे तो उनके साथ मौजूद बंगाल पुलिस के अधिकारी अनजान बनने की कोशिश कर रहे थे, एड्रेस नहीं बता रहे थे।

IPS अजय पाल ने खोजा जहांगीर का घर

TMC उम्मीदवार जहांगीर खान पर स्थानीय लोगों को डराने-धमकाने के गंभीर आरोप लग रहे थे। शिकायत मिलते ही IPS अजय पाल शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हैरानी की बात यह रही कि स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने जहांगीर खान का पता बताने में आनाकानी की, लेकिन आखिरकार अजय पाल शर्मा की टीम ने तलाशी के बाद उसका घर ढूंढ निकाला। जब अजय पाल शर्मा जहांगीर खान के घर पहुंचे तो वे हैरान रह गए क्योंकि थाने में कहा गया की फोर्स नहीं और जहांगीर के घर पर 10 की जगह 14 जवान तैनात थे। इसे लेकर जब जानकारी मांगी गई तो बताया गया कि जहांगीर को Y कैटेगरी की सुरक्षा के तहत केवल 10 पुलिसकर्मी मिले हैं। अजय पाल शर्मा ने मौके पर तैनात 4 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को लेकर सख्त रुख अपनाया और स्थानीय एसपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है कि नियम विरुद्ध तरीके से अतिरिक्त फोर्स क्यों तैनात की गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।