1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव: इस बार TMC और BJP के बीच चंपदानी विधानसभा सीट में रहेगी टक्कर, जानिए चुनावी समीकरण

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव: इस बार TMC और BJP के बीच चंपदानी विधानसभा सीट में रहेगी टक्कर, जानिए चुनावी समीकरण

 Published : Mar 10, 2026 10:00 pm IST,  Updated : Mar 10, 2026 10:01 pm IST

चंपदानी सीट का वोटर इस बार बीजेपी और टीएमसी के बीच अपना विधायक देख रहा है। यहां से पिछली बार टीएमसी के उम्मीदवार ने जीत दर्ज की थी। बीजेपी के उम्मीदवार दूसरे नंबर पर रहे थे।

Champdani Assembly constituency- India TV Hindi
चंपदानी विधानसभा सीट Image Source : INDIA TV

पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में स्थित चंपदानी विधानसभा सीट एक औद्योगिक केंद्र के रूप में जानी जाती है। यह सीट श्रीरामपुर लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है। यहां की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (TMC), भारतीय जनता पार्टी (BJP) और वामपंथी दलों का मुकाबला प्रमुख रहा है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, इस सीट पर लगभग 2.63 लाख मतदाता हैं। यह सामान्य श्रेणी की सीट है। 

चंपदानी सीट पर आते हैं ये वार्ड

चंपदानी विधानसभा क्षेत्र में चंपदानी म्युनिसिपैलिटी, बैद्यबाती म्युनिसिपैलिटी और श्रीरामपुर म्युनिसिपैलिटी के वार्ड नंबर 1, 2 तथा 20 से 24 शामिल हैं। यह इलाका जूट मिलों और अन्य उद्योगों के लिए प्रसिद्ध है। साल 1967 में चंपदानी को विधानसभा सीट का दर्जा मिला है। 

टीएमसी और बीजेपी के बीच लड़ाई

2011 की जनगणना के अनुसार, चंपदानी शहर की आबादी करीब 1.1 लाख है, जिसमें शहरीकरण का स्तर ऊंचा है। 2011 की जनगणना से पता चलता है कि अनुसूचित जाति (SC) की आबादी 11.07% और अनुसूचित जनजाति (ST) 0.66% है।  हिंदू बहुसंख्यक (72.32%) हैं, जबकि मुस्लिम 27.30% हैं। यहां हिंदू (SC/ST और पिछड़े वर्ग) टीएमसी और बीजेपी के बीच मुख्य लड़ाई का मैदान हैं। मुस्लिम वोटर्स पारंपरिक रूप से टीएमसी के साथ माने जाते हैं।

चंपदानी विधानसभा सीट में हुए पिछले चुनावों में टीएमसी ने मजबूत प्रदर्शन किया है। बीजेपी को यहां ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी से चुनौती मिली है। आइये पिछले तीन बार के चुनावी नतीजों के बारे में जानते हैं।

टीएमसी के अरिंदम ने भाजपा उम्मीदवार को हराया

2021 के विधानसभा चुनाव परिणाम में टीएमसी के उम्मीदवार अरिंदम गुइन ने भाजपा के उम्मीदवार को हराया था। टीएमसी के उम्मीदवार को 100,972 वोट मिले थे। बीजेपी के उम्मीदवार दिलीप सिंह को 70894 वोट मिले थे। तीसरे नंबर पर यहां से कांग्रेस के उम्मीदवार अब्दुल मन्नान रहे थे।

2016 में कांग्रेस उम्मीदवार की जीत

2016 के विधानसभा चुनाव परिणाम में यहां से कांग्रेस उम्मीदवार की जीत हुई थी। कांग्रेस के उम्मीदवार अब्दुल मन्नान को 81330 वोट मिले थे। टीएमसी के उम्मीदवार मुजफ्फर खान को 74048 वोट मिले थे। तीसरे नंबर पर बीजेपी के उम्ममीदवार राज कुमारी शॉ रहीं थीं।

टीएमसी ने सीपीआईएम उम्मीदवार को हराया

2011 के विधानसभा चुनाव परिणाम में टीएमसी ने यहां से जीत दर्ज की थी। टीएमसी के उम्मीदवार मुजफ्फर खान को 92476 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर सीपीआईएम के उम्मीदवार जिबेश चक्रवर्ती रहे थे। सीपीआईएम के उम्मीदवार को 56163 वोट मिले थे। तीसरे नंबर पर यहां बीजेपी रही थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।