1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. पश्चिम बंगाल: मेदिनीपुर में पीएम मोदी ने कहा- "15 साल में TMC की निर्मम सरकार ने लूट में PHD कर ली"

पश्चिम बंगाल: मेदिनीपुर में पीएम मोदी ने कहा- "15 साल में TMC की निर्मम सरकार ने लूट में PHD कर ली"

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 19, 2026 07:27 pm IST,  Updated : Apr 19, 2026 07:27 pm IST

पीएम मोदी ने मेदिनीपुर में जनसभा को संबोधित किया और ममता सरकार को लूट में पीएचडी करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अत्याचारियों और लूटेरों का पूरा हिसाब करेगी।

PM Modi- India TV Hindi
पीएम मोदी Image Source : X/@NARENDRAMODI

मेदिनीपुर: पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर में पीएम मोदी ने एक जनसभा को संबोधित किया और ममता सरकार पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए पूछा, "बंगाल में TMC की निर्ममता को 15 साल हो गए हैं। 15 साल में हमारा भारत 3G से 5G तक पहुंच गया, कई राज्यों में नए शहर बस गए, देश के 2 दर्जन से अधिक शहरों तक मेट्रो पहुंच गई, भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर तिरंगा गाड़ दिया लेकिन 15 साल में TMC की निर्मम सरकार में क्या बदला? 15 साल पहले जो बच्चा पहली कक्षा में पढ़ता था, वह आज देश के दूसरे राज्यों में रोजगार के लिए पलायन की तैयारी कर रहा है।"

पीएम मोदी ने और क्या कहा?

पीएम मोदी ने कहा, "TMC की निर्मम सरकार में युवाओं की भर्ती में लूट, स्कूल में टीचरों की भर्ती में लूट, बच्चों की मिड डे मील में लूट, MGNREGA के काम में लूट, गरीबों के घर के पैसों में लूट, चक्रवात राहत के लिए मिले पैसे में लूट...सिर्फ लूट ही लूट, 15 साल में उन्होंने लूट में PHD कर ली है।"

उन्होंने कहा, "15 साल के TMC के महाजंगलराज में दंगों और राजनीतिक हत्याओं की संख्या बढ़ गई। घुसपैठियों की हिम्मत बढ़ गई, बहनों-बेटियों के साथ अत्याचार की हद पार हो गई। यानी TMC से न मां बची, न माटी और मानुष तो त्राहि-त्राहि कर रहा है। इस बार का चुनाव बंगाल की जनता लड़ रही है।"

उन्होंने कहा, "आज मेदिनीपुर की धरती से मैं आपको भरोसा दिलाने आया हूं। भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास करेगी लेकिन अत्याचारियों और लूटेरों का पूरा हिसाब करेगी। चुन-चुन कर हिसाब किया जाएगा।"

उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल को प्रकृति ने इतनी सारी नदियां दी हैं, इतना बड़ा समुद्री तट दिया है, अभी इस संपदा पर TMC के सिंडीकेट का ही कब्जा है। डबल इंजन सरकार बंगाल में ब्लू रिवॉल्यूशन का विस्तार करेगी।"

घुसपैठियों की सगी है टीएमसी: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा, "TMC सिर्फ अपने वोटबैंक की सगी है, घुसपैठियों की सगी है, और किसी से इन्हें कोई लेना-देना नहीं है। अपने वोटबैंक को खुश करने के लिए ये कुछ भी कर सकते हैं। बीतें दिनों देश की संसद में TMC का महिला विरोधी चेहरा भी नजर आया है। TMC ने महिलाओं को आरक्षण देने वाले कानून को पारित नहीं होने दिया, TMC को लगता है अगर यह कानून लागू हो गया तो हमारी बंगाल की बेटियां इनके अत्याचारों का हिसाब मांगेगी।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।