1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. मेक्सिको: दो परिवारों में आपसी झगड़ा, 14 लोगों की हत्या

मेक्सिको: दो परिवारों में आपसी झगड़ा, 14 लोगों की हत्या

 Written By: Bhasha
 Published : Jul 10, 2016 01:10 pm IST,  Updated : Jul 10, 2016 01:10 pm IST

मेक्सिको के उत्तर में स्थित एक शहर में बंदूकधारियों ने पांच लड़कियों समेत 11 रिश्तेदारों की हत्या कर दी और फिर दूसरे हमले में एक अन्य परिवार के तीन लोगों को मार डाला।

mexico homicide- India TV Hindi
mexico homicide

सियुदाद विक्टोरिया: मेक्सिको के उत्तर में स्थित एक शहर में बंदूकधारियों ने पांच लड़कियों समेत 11 रिश्तेदारों की हत्या कर दी और फिर दूसरे हमले में एक अन्य परिवार के तीन लोगों को मार डाला। यह शहर नशीले पदार्थों से जुड़े संगठनों का अड्डा माना जाता है।

तमाउलिपास राज्य के महासचिव हरमीनियो गारजा पलासियस ने समूहों की पहचान बताए बिना कहा कि ऐसा लगता है कि गोलीबारी की ये दोनों घटनाएं जामेश्वर में प्रतिद्वंद्वी गिरोहों के बीच के एक झगड़े से जुड़ी हैं।

उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा कि बंदूकधारी लोपेज मातेओस जिले में स्थानीय समयानुसार सुबह सात बजे एक घर में घुस गए और उन्होंने वहां दो पुरूषों, चार महिलाओं और पांच लड़कियों की हत्या कर दी।

इससे लगभग 45 मिनट बाद, हथियारों से लैस लोगों ने रेवोल्यूसियन जिले में एक अन्य परिवार के घर पर हमला बोलकर एक पुरूष और दो महिलाओं की हत्या कर दी जबकि चार अन्य को घायल कर दिया।

अधिकारी ने कहा कि राज्य और संघीय अधिकारी अपराधों की तहकीकात और हत्यारों की तलाश कर रहे हैं। गारजा पलासियस ने कहा, हमारी प्रारंभिक जांच के अनुसार, ऐसा माना गया है कि ये घटनाएं दरअसल शहर में दो प्रतिद्वंद्वी गिरोहों के आपसी झगड़े का नतीजा थीं।

तमाउलिपास देश के सबसे हिंसक राज्यों में से एक है, जहां नशीले पदार्थों के गल्फ और जेटास नामक गिरोहों के बीच वर्षों से हिंसक प्रतिद्वंद्विता है। यह राज्य टेक्सास से जुड़ा है और अमेरिका में नशीले पदार्थ पहुंचाने का एक बड़ा रास्ता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश