1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. ईरान राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतगणना जारी, शुरूआती रुझान में रूहानी को बढ़त

ईरान राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतगणना जारी, शुरूआती रुझान में रूहानी को बढ़त

 Written By: Bhasha
 Published : May 20, 2017 01:22 pm IST,  Updated : May 20, 2017 01:22 pm IST

चुनाव अधिकारियों ने मतदाताओं की लंबी कतारों के मद्देनजर मतदान करने का समय आधी रात तक कई बार बढ़ाया। कुछ मतदाताओं ने कहा कि मतदान करने के लिए उन्होंने घंटों कतारों में खड़े होकर इंतजार किया।

Hassan_Rouhani- India TV Hindi
Hassan_Rouhani

तेहरान: ईरान में हुए चुनावों की मतगणना के शुरूआती रझानों के अनुसार ईरान के मौजूदा राष्ट्रपति हसन रूहानी ने 58 प्रतिशत मतों की शानदार बढ़त बना ली है। आज सुबह जारी आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। उप गृहमंत्री अली अशगर अहमदी ने टेलीविजन पर प्रसारित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कल हुए चुनाव में चार करोड़ से अधिक ईरानियों ने मतदान किया यानी 70 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया।

चुनाव अधिकारियों ने मतदाताओं की लंबी कतारों के मद्देनजर मतदान करने का समय आधी रात तक कई बार बढ़ाया। कुछ मतदाताओं ने कहा कि मतदान करने के लिए उन्होंने घंटों कतारों में खड़े होकर इंतजार किया। यह चुनाव मुख्य रूप से रूहानी की अपेक्षाकृत उदारवादी राजनीतिक नीतियों पर जनमत संग्रह है। इन नीतियों के कारण वर्ष 2015 में हुए ऐतिहासिक परमाणु समझौते का मार्ग प्रशस्त हुआ जिसके तहत ईरान को उसके परमाणु कार्यक्रम पर रोक लगाने के बदले कुछ अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों से राहत मिली थी।

अब तक हुई दो करोड़ 51 लाख मतों की गणना के अनुसार रूहानी एक करोड़ 46 लाख मतों के साथ आगे हैं। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कट्टरपंथी धर्मगुरू इब्राहिम रईसी को एक करोड़ एक लाख मत मिले हैं। दो अन्य उम्मीदवारों पूर्व संस्कृति मंत्री मुस्तफा मीरसलीम को दो लाख 97 हजार और वर्ष 2001 में भी राष्ट्रपति पद के चुनाव में खड़े होने वाले मुस्तफा हाशिमाताबा को एक लाख 39 हजार मत मिले। ईरान का राष्ट्रपति ईरान की राजनीतिक प्रणाली में दूसरा सबसे शक्तिशाली नेता होता है। उसके उपर देश का सर्वोच्च नेता होता है। अहमदी ने कहा कि गृहमंत्री को आज बाद में परिणाम आने की उम्मीद है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश