1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. ईरान के साथ परमाणु वार्ता रद्द होने से बौखलाया अमेरिका, तेहरान से तेल खरीदने वालों पर दी बैन लगाने की धमकी

ईरान के साथ परमाणु वार्ता रद्द होने से बौखलाया अमेरिका, तेहरान से तेल खरीदने वालों पर दी बैन लगाने की धमकी

 Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : May 02, 2025 12:28 pm IST,  Updated : May 02, 2025 12:29 pm IST

ईरान के साथ चौथे दौर की परमाणु वार्ता रद्द होने से अमेरिका की झल्लाहट बढ़ गई है। बौखलाए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वार्ता के स्थगित होने के बाद अब ईरान से तेल खरीदने वाले देशों पर बैन लगाने की धमकी दी है।

डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति। - India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिका के राष्ट्रपति। Image Source : AP

दुबई: ईरान के साथ चल रही परमाणु वार्ता के स्थगित होने पर अमेरिका बौखला गया है। वाशिंगटन ने इस वार्ता के रद्द होने पर तेहरान से तेल खरीददारों पर प्रतिबंध लगाने की बड़ी धमकी दी है। बता दें कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के तेजी से बढ़ते परमाणु कार्यक्रम पर होने वाली वार्ता स्थगित होने से काफी नाराज हो गए हैं। उन्होंने बृहस्पतिवार को इस वार्ता के रद्द होने के बाद ईरान से तेल खरीदने वालों पर प्रतिबंध लगाने सार्वजनिक रूप से चेतावनी दी है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, “ईरानी तेल, पेट्रोकैमिकल उत्पादों की खरीद अब पूरी तरह बंद की जाए।” उन्होंने कहा कि ईरान से ये उत्पाद खरीदने वाला कोई भी देश या व्यक्ति अमेरिका से कारोबार नहीं कर पाएगा। इससे पहले ओमान के विदेश मंत्री बद्र अल-बुसैदी ने अमेरिका और ईरान के बीच परमाणु वार्ता स्थगित होने की जानकारी दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “रणनीतिक कारणों से हम शनिवार तीन मई को होने वाली अमेरिका-ईरान वार्ता को पुनर्निर्धारित कर रहे हैं।” अब तक तीन दौर की वार्ता में मध्यस्थता कर चुके अल-बुसैदी ने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बागेई ने एक बयान जारी कर कहा कि वार्ता को “ओमान के विदेश मंत्री के अनुरोध पर स्थगित किया जा रहा है।”

तीन दौर की वार्ता हो चुकी थी पूरी

बता दें कि अमेरिका और ईरान के बीच चौथे दौर की वार्ता रद्द होने से पहले 3 वार्ताएं पूरी हो चुकी हैं। अंतरराष्ट्रीय परमाणु निगरानी आयोग ने भी इसे सकारात्मक बताया था। उन्होंने कहा कि ईरान “एक निष्पक्ष व स्थायी समझौते" पर पहुंचने के लिए प्रतिबद्ध है। इस बीच, अमेरिकी वार्ताकारों से परिचित एक व्यक्ति ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर कहा कि अमेरिका ने रोम में होने वाली चौथे दौर की इस वार्ता में “अपनी भागीदारी की कभी पुष्टि नहीं की।” हालांकि, उस व्यक्ति ने कहा कि अमेरिका को उम्मीद है कि वार्ता “निकट भविष्य में” होगी। शनिवार को रोम में वार्ता होनी थी, जहां पोप फ्रांसिस के निधन के बाद नए पोप को चुनने के लिए बुधवार को सम्मेलन होगा। ओमान की राजधानी मस्कट में दो अन्य दौर की वार्ता हो चुकी है। (एपी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश