केनबराः ऑस्ट्रेलिया में भारतीय मूल का व्यक्ति अपनी गिरफ्तारी के दौरान उस वक्त कोमा में चला गया, जब पुलिस ने उसे काबू में करने के लिए उसके गर्दन के ऊपर अपना घुटना रख दिया। इसके बाद युवक के मस्तिष्क को गहरी चोट पहुंची। फलस्वरूप वह कोमा में चला गया। ऑस्ट्रेलिया टुडे के अनुसार यह जानकारी सामने आई है।
ऑस्ट्रेलियाई पुलिस पर आरोप
आरोप है कि ऑस्ट्रेलियाई पुलिस ने जानबूझकर भारतीय मूल के शख्स के गर्दन पर अपना घुटना रख दिया। ऐसे में व्यक्ति गंभीर मस्तिष्क चोटों के कारण कोमा में पहुंच गया। यह घटना अमेरिका में जॉर्ज फ्लॉयड की हत्या की याद दिलाती है, जिसने दुनिया भर में आक्रोश पैदा किया था।
कोमा में गया भारतीय शख्स कौन है
ऑस्ट्रेलिया पुलिस की लापरवाही से कोमा में गया भारतीय मूल का शख्स 42 वर्षीय गौरव कुंडी हैं। वह दो बच्चों के पिता हैं। उन्हें एक मामले में गिरफ्तार करकते वक्त एडिलेड के पूर्वी उपनगरों में पुलिस द्वारा जमीन पर गिरा दिया गया था। स्थानीय मीडिया में वायरल हुए वीडियो में देखा गया कि गौरव और उनकी साथी अमृतपाल कौर जोर-जोर से यह कहते हुए अपनी बेगुनाही की गुहार लगा रहे हैं, "मैंने कुछ गलत नहीं किया है," जबकि कौर रोते हुए पुलिस की कार्रवाई को अनुचित बताते हुए उसे रिकॉर्ड करती हैं।
किस मामले में हुई गौरव की गिरफ्तारी
ऑस्ट्रेलिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार गौरव को जमीन पर गिराने के बाद वह बेहोश हो गए। उनकी साथी ने आरोप लगाया कि एक पुलिस अधिकारी ने उनकी गर्दन पर घुटना रख दिया — ठीक वैसे ही जैसे 2020 में अमेरिका में जॉर्ज फ्लॉयड के साथ हुआ था। फिलहाल गौरव कुंडी कोमा में हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद स्थानीय समुदाय में न्याय की मांग और पुलिस कार्रवाई की जांच की आवाजें तेज हो रही हैं। हालांकि पुलिस ने यह नहीं बताया है कि गौरव को किस मामले में गिरफ्तार किया गया।