1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. G-20 Summit: भारत-कनाडा और ऑस्ट्रेलिया ने बनाया नया तेहरा गठजोड़, नई साझेदारी को मोदी ने बताया आगामी पीढ़ियों का भविष्य

G-20 Summit: भारत-कनाडा और ऑस्ट्रेलिया ने बनाया नया तेहरा गठजोड़, नई साझेदारी को मोदी ने बताया आगामी पीढ़ियों का भविष्य

 Written By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Nov 22, 2025 06:51 pm IST,  Updated : Nov 22, 2025 06:51 pm IST

दक्षिण अफ्रीका का जी-20 शिखर सम्मेलन भारत और कनाडा के बीच रिश्तों की नई शुरुआत के लिहाज से काफी अच्छा साबित हुआ है। पीएम मोदी ने भारत-कनाडा और ऑस्ट्रेलिया के साथ एक नई त्रिपक्षीय प्रौद्योगिकी एवं नवाचार साझेदारी का ऐलान किया है।

कनाडा के पीएम मार्क कार्नी बाएं, प्रधानमंत्री मोदी (बीच में) और ऑस्ट्रेलिया के समकक्ष एंथनी अल्बनीज - India TV Hindi
कनाडा के पीएम मार्क कार्नी बाएं, प्रधानमंत्री मोदी (बीच में) और ऑस्ट्रेलिया के समकक्ष एंथनी अल्बनीज (दाएं) Image Source : X@NARENDRAMODI

G-20 Summit: दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में चल रहे जी-20 शिखर सम्मेलन में भारत ने कनाडा के साथ रिश्तों की नई शुरुआत करते हुए बड़ी साझेदारी का ऐलान किया है। इस साझेदारी में भारत और कनाडा के साथ ऑस्ट्रेलिया भी शामिल है। भारत-कनाडा और ऑस्ट्रेलिया की इस त्रिपक्षीय साझेदारी को प्रधानमत्री नरेंद्र मोदी ने आगामी पीढ़ियों का भविष्य करार दिया है। पीएम मोदी ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और ऑस्ट्रेलिया पीएम एंथनी अल्बनीज के साथ एक खास तस्वीर साझा की है और इस नए साझेदारी को अहम बताया है। 

 

कनाडा के साथ रिश्तों की नई शुरुआत

भारत-कनाडा और ऑस्ट्रेलिया के बीच शुरू हुई यह नई साझेदारी नई दिल्ली और ओटावा के बीच रिश्तों का नया आगाज है। इससे पहले कनाडा के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के कार्यकाल में भारत और कनाडा के रिश्ते सबसे खराद दौर में पहुंच चुके थे। मगर अब इस नई त्रिपक्षीय प्रौद्योगिकी साझेदारी ने भारत-कनाडा के रिश्तों को फिर से पटरी पर लाने की पटकथा भी लिख दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने जो तस्वीर एक्स पर शेयर किया है, उसमें वह कनाडाई पीएम मार्क कार्नी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के बीच में खड़े हैं। पीएम मोदी अपने दोनों समकक्ष नेताओं का हाथ पकड़े हुए हैं और ठहाके लगाते दिख रहे हैं। इससे भारत-कनाडा और ऑस्ट्रेलिया की इस त्रिपक्षीय साझेदारी को भविष्य में नई दिल्ली और ओटावा के बीच मजबूत संबंधों के रूप में भी देखा जा रहा है। 

 

पीएम मोदी ने एक्स पर शेयर की तस्वीर 

प्रधानमंत्री मोदी ने मार्क कार्नी और एंथनी अल्बनीज केस साथ खींची हुई अपनी इस खास तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा, "एक नई त्रिपक्षीय प्रौद्योगिकी एवं नवाचार साझेदारी!जोहानिसबर्ग में चल रहे जी-20 शिखर सम्मेलन के इतर ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री श्री एंथनी अल्बनीज और कनाडा के प्रधानमंत्री श्री मार्क कार्नी के साथ बहुत अच्छी बैठक हुई। हमें आज खुशी है कि हम ऑस्ट्रेलिया-कनाडा-भारत प्रौद्योगिकी एवं नवाचार (ACITI) साझेदारी की घोषणा कर रहे हैं। यह पहल तीन महाद्वीपों और तीन महासागरों के बीच लोकतांत्रिक साझेदारों के बीच उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग को गहरा करेगी, आपूर्ति श्रृंखलाओं के विविधीकरण में मदद करेगी, स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देगी तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के बड़े पैमाने पर अपनाने को प्रोत्साहित करेगी। हम आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के लिए साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं!"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश