Iran US Peace Deal Live Updates: ईरान ने ओमान सागर में अमेरिकी एयरक्रॉफ्ट कैरियर को प्रवेश करने से रोक दिया है। ईरानी नौसेना कमांडर का कहना है कि बलों ने अमेरिकी विमानवाहक पोतों के समूह को ओमान सागर में प्रवेश करने से रोक दिया है और नौसैनिक नाकाबंदी की धमकियों के माध्यम से समुद्री डकैती को बढ़ावा देने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की कड़ी आलोचना की है।
ईरान ने एनरिच यूरेनियम को स्थानांतरित करने से साफ इनकार कर दिया है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने कहा:“संवर्धित यूरेनियम हमारे लिए उतना ही पवित्र है जितना ईरान की धरती, और इसे किसी भी परिस्थिति में कहीं भी स्थानांतरित नहीं किया जाएगा।”
नाकाबंदी को लेकर ट्रंप से हुए विवाद के बाद ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से बंद कर दिया है। ईरान की सरकारी प्रेस मीडिया ने एक वीडियो जारी किया है, जहां होर्मुज से जहाजों को लौटते देखा जा रहा है। ईरान ने कहा है कि होर्मुज से दुश्मनों के जहाजों को गुजरने का कोई अधिकार नहीं है।
ईरान और अमेरिका के बीच दूसरे दौर की बातचीत इस्लामाबाद में सोमवार को हो सकती है। सीएनएन की खबर के मुताबिक ईरान सूत्रों के मुताबिक ईरान का प्रतिनिधि इस वीकेंड पर पाकिस्तान पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि अमेरिका की ओर से इस संबंध में अभी कोई पुष्टि नहीं की गई है। इस बीच ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर गालिबाफ ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर बड़ा हमला बोला है। गालिबाफ ने कहा कि 1 घंटे में ट्रंप द्वारा किए गए उनके सभी 7 दावे झूठे हैं। गालिबाफ ने यह भी कहा कि नाकाबंदी जारी रहने पर होर्मुज नहीं खुलेगा।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को विश्वास जताया कि दोनों पक्ष किसी समझौते के करीब हैं, लेकिन एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने तेहरान द्वारा रियायतें दिए जाने के उनके कुछ दावों पर संदेह व्यक्त किया।
शुक्रवार को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से केवल गिने-चुने जहाज ही गुजरे, जबकि ईरान के विदेश मंत्री ने कहा था कि यह वाणिज्यिक जहाजों के लिए खुला है। ईरानी संसद के स्पीकर ने कहा कि यदि अमेरिका इस क्षेत्र में अपनी नौसैनिक नाकाबंदी नहीं हटाता है, तो यह फिर से बंद हो जाएगा। वहीं ट्रंप का कहना है कि जब तक ईरान के साथ अमेरिका की डील 100 फीसदी नहीं हो जाती तब तक इस इलाके में अमेरिका की नाकाबंदी जारी रहेगी।