1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. Gaza पर कब्जे के इरादे से घुसी इजरायली सेना का बड़ा हमला, 12 बच्चों समेत 43 लोगों की मौत

Gaza पर कब्जे के इरादे से घुसी इजरायली सेना का बड़ा हमला, 12 बच्चों समेत 43 लोगों की मौत

 Published : Apr 02, 2025 09:23 pm IST,  Updated : Apr 02, 2025 11:29 pm IST

इंडोनेशियन हॉस्पिटल के अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी गाजा पट्टी में जबालिया शरणार्थी शिविर में फलस्तीनी शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) की एक इमारत पर हुए हमले में नौ बच्चों और दो महिलाओं सहित 15 लोग मारे गए।

गाजा पर इजरायल का बड़ा हमला। - India TV Hindi
गाजा पर इजरायल का बड़ा हमला। Image Source : AP

येरूशलम: गाजा पट्टी में ‘बड़े क्षेत्रों’ पर कब्जा करने के लिए घुसी इजरायली सेना ने बड़ा हमला किया है। इस हमले में 32 फिलिस्तीनियों की मौत हो गई है। जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। बता दें कि इजरायल अपने सैन्य अभियान का विस्तार कर रहा है। रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने बुधवार को यह जानकारी दी। इस बीच, गाजा पट्टी में अधिकारियों ने बताया कि इजराइल की ओर से मंगलवार को पूरी रात और बुधवार तड़के किए गए हवाई हमलों में कम से कम 43 फलस्तीनी मारे गए, जिनमें लगभग एक दर्जन बच्चे शामिल हैं।

काट्ज ने बुधवार को एक लिखित बयान में कहा कि इजराइल ‘‘उग्रवादियों और उग्रवाद के बुनियादी ढांचे को कुचलने’’ तथा ‘‘फलस्तीनी क्षेत्र के बड़े हिस्से पर कब्जा करके उन्हें इजराइल के सुरक्षा क्षेत्रों से जोड़ने’’ के लिए गाजा पट्टी में अपने सैन्य अभियान का विस्तार कर रहा है। इजराइल सरकार ने सीमा पर अपनी सुरक्षा बाड़ के उस पार गाजा में लंबे समय से एक ‘बफर जोन’ बनाए रखा है और 2023 में हमास के साथ युद्ध शुरू होने के बाद से इसका बड़े पैमाने पर विस्तार किया है। इजराइल का कहना है कि ‘बफर जोन’ उसकी सुरक्षा के लिए जरूरी है, जबकि फलस्तीनी इसे भूमि हड़पने की कवायद मानते हैं, जिससे पहले ही छोटे तटीय क्षेत्र (गाजा पट्टी) का दायरा और सिकुड़ जाता है।

20 लाख से ज्यादा है गाजा की आबादी

गाजा पट्टी की आबादी लगभग 20 लाख है। काट्ज ने बयान में यह स्पष्ट नहीं किया कि सैन्य अभियान के विस्तार के दौरान गाजा के किन क्षेत्रों पर कब्जा किया जाएगा। उनका यह बयान तब आया, जब इजराइल ने दक्षिणी शहर राफा और आस-पास के इलाकों को पूरी तरह से खाली करने का आदेश दिया। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि इजराइल का लक्ष्य हमास को कुचलने के अपने लक्ष्य को हासिल करने के बाद गाजा पट्टी पर खुला, लेकिन अनिर्दिष्ट सुरक्षा नियंत्रण बनाए रखना है। काट्ज ने गाजा पट्टी के निवासियों से ‘‘हमास को खदेड़ने और सभी बंधकों को रिहा करने’’ का आह्वान किया। उन्होंने कहा, ‘‘युद्ध समाप्त करने का यही एकमात्र तरीका है।’’

हमास के कब्जे में हैं इजरायली बंधक

खबरों के मुताबिक, इजराइल के 59 बंधक अभी भी हमास के कब्जे में हैं, जिनमें से 24 के जीवित होने का अनुमान है। चरमपंथी समूह युद्धविराम समझौते और अन्य समझौतों के तहत कई इजराइली बंधकों को रिहा भी कर चुका है। गाजा पट्टी पर इजराइल के हवाई हमले लगातार जारी हैं। मंगलवार को खान यूनिस में रात भर हुए हमलों में 17 लोगों की मौत हो गई। वहीं, बुधवार को इजराइल ने गाजा पट्टी के उत्तरी क्षेत्र को निशाना बनाया, जिसमें 15 लोग मारे गए। नासिर अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि खान यूनिस में इजराइली हमलों में जान गंवाने वाले 12 लोगों के शव लाए गए, जिनमें पांच महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं। मृतक महिलाओं में से एक गर्भवती थी। गाजा यूरोपियन हॉस्पिटल के अधिकारियों ने पांच शव लाए जाने की जानकारी दी।(एपी)

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश