1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. नाइजीरिया: शादी समारोह, अंतिम संस्कार स्थल और अस्पताल में बिछी लाशें... सिलसिलेवार धमाकों में 18 की मौत; 22 घायल

नाइजीरिया: शादी समारोह, अंतिम संस्कार स्थल और अस्पताल में बिछी लाशें... सिलसिलेवार धमाकों में 18 की मौत; 22 घायल

 Published : Jun 30, 2024 07:42 am IST,  Updated : Jun 30, 2024 07:58 am IST

नाइजीरिया के ग्वोजा शहर में ये सिलसिलेवार धमाके किए गए हैं। शहर में हुए तीन बड़े धमाकों के बाद अफरा-तफरी मच गई। सड़क और अस्पताल परिसर में मृतकों की लाशें बिछ गईं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नाइजीरिया के ग्वोजा शहर में हुए तीन धमाके- India TV Hindi
नाइजीरिया के ग्वोजा शहर में हुए तीन धमाके Image Source : FILE PHOTO- PTI

नाइजीरिया में एक बार फिर सड़कों पर मातम छा गया। सिलसिलेवार आत्मघाती हमलों में (Suicide Attacks) 18 लोगों की जान चली गई। 42 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शनिवार को पूर्वोत्तर नाइजीरिया के ग्वोजा (Gwoza) शहर में तीन सिलसिलेवार धमाके हुए। इन सुसाइड बॉम्बर में एक महिला भी शामिल थी। महिला अपनी पीठ पर बच्चे को बांधे हुए थी। तभी उसने एक विवाह समारोह के बीच जाकर खुद को विस्फोट से उड़ा लिया।

अस्पताल और अंतिम संस्कार स्थल पर भी विस्फोट

अधिकारियों ने बताया कि कैमरून के सीमावर्ती शहर में हुए आत्मघाती हमलों में एक अस्पताल को भी निशाना बनाया गया। साथ ही अंतिम संस्कार वाली जगह पर भी आत्मघाती विस्फोट किया गया है।

मरने वालों में बच्चे और गर्भवती महिलाएं भी शामिल

बोर्नो राज्य के आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (SEMA) ने बताया कि हमलों में कम से कम 18 लोग मारे गए और 42 अन्य घायल हो गए हैं। एजेंसी के प्रमुख बार्किंडो सैदु ने कहा कि मरने वालों में बच्चे, पुरुष, महिलाएं और गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। सैदु ने कहा कि 19 गंभीर रूप से घायल लोगों को क्षेत्रीय राजधानी मैदुगुरी ले जाया गया है, बाकियों का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है।

सुरक्षा चौकी पर भी हुआ हमला!

ग्वोजा में सेना की सहायता करने वाले मिलिशिया के एक सदस्य ने बताया कि सुरक्षा चौकी पर हुए एक अन्य हमले में उसके दो साथी और एक सैनिक भी मारे गए हैं। हालांकि, एजेंसी के अधिकारियों ने मरने की संख्या की पुष्टि नहीं की है।

जब बोको हराम के आतंकियों ने शहर में किया कब्जा

बता दें कि बोको हराम (Boko Haram) के आतंकवादियों ने 2014 में ग्वोजा शहर पर कब्जा कर लिया था। 2015 में चाडियन (Chadian) सेना की मदद से नाइजीरियाई सेना ने इस शहर पर पुनः कब्जा कर लिया था, लेकिन तब से बोको हराम के आतंकी शहर के पास के पहाड़ी इलाकों से हमले जारी रखे हुए हैं।

अब तक 40,000 से अधिक लोगों की गई जान

इसके पहले भी बोको हराम के आतंकियों ने घरों में घुसकर पुरुषों की हत्या कर दी थी। शहर की महिलाओं का अपहरण कर लिया था। ये सभी महिलाएं जलाने वाली लकड़ी और फलों की तलाश में शहर से बाहर जाया करती हैं। मालूम हो कि हिंसा के कारण नाइजीरिया के उत्तर-पूर्व में अब तक 40,000 से अधिक लोग मारे गए हैं। लगभग 20 लाख लोग विस्थापित हुए हैं। 

(एएफपी की रिपोर्ट)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश