1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. ऑनलाइन डेटिंग पड़ी भारी, बॉयफ्रेंड से मिलने 3000 KM दूर गई महिला, उसी ने धड़ से अलग किया सिर

ऑनलाइन डेटिंग पड़ी भारी, बॉयफ्रेंड से मिलने 3000 KM दूर गई महिला, उसी ने धड़ से अलग किया सिर

 Written By: Shilpa @Shilpaa30thakur
 Published : Nov 25, 2022 06:43 pm IST,  Updated : Nov 25, 2022 06:53 pm IST

ऑनलाइन डेटिंग करना मेक्सिको की एक महिला को काफी भारी पड़ा है। उसने अपने बॉयफ्रेंड से मिलने के लिए 3000 किमी तक का सफर तय किया। लेकिन उसी बॉयफ्रेंड ने उसकी हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

महिला की उसके बॉयफ्रेंड ने हत्या की- India TV Hindi
महिला की उसके बॉयफ्रेंड ने हत्या की Image Source : FILE PHOTO

आजकल ऑनलाइन डेटिंग एप्स के बहाने बड़े से बड़े अपराध को अंजाम दिया जा रहा है। ऐसा ही एक अपराध मेक्सिको की महिला के साथ हो गया है। उसकी गर्मियों की छुट्टियां उसकी जान के लिए भारी साबित हुई हैं। 51 साल की ब्लांका अरेलानो बीते कई दिनों से अपने ऑनलाइन बॉयफ्रेंड से मिलने की योजना बना रही थी। वह अपने मेक्सिको के घर से 3000 किलोमीटर की यात्रा कर बॉयफ्रेंड से मिलने पेरू तक चली गई। लेकिन ये डेट उसके लिए बुरा सपना साबित हुई और उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। ब्लांका ने इस साल जुलाई के आखिर में अपने परिवार से कहा था कि वह लीमा जाना चाहती है और वहां अपने बॉयफ्रेंड टी जुआन पाबलो जीसस विलाफ्यूर्टे से मिलना चाहती है। ब्लांका के परिवार ने बताया कि वह कई महीनों से उसका बॉयफ्रेंड था। 

परिवार को डेट के बारे में बताया

ब्लांका जुआन से मिलने हुआचो गई। यह एक तटीय क्षेत्र है और जुआन का गृह नगर भी। ब्लांका ने बताया था कि जुआन के साथ ऑनलाइन संबंध काफी अच्छे रहे हैं और वह जुआन से प्यार करने लगी है। कुछ ही हफ्तों बाद ब्लांका ने जुआन के साथ डेट पर जाने की योजना बनाई और अब यही पूरे परिवार के लिए एक दर्दनाक क्षण साबित हुआ है। जुआन मेडिकल का छात्र है और बताया जा रहा है कि ब्लांका ऑनलाइन ट्रैफिकिंग का शिकार हो गई। 7 नवंबर को उसके परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अब तक परिवार का मानना ​​था कि ब्लांका जुआन के साथ है और काफी खुश है। ब्लांका की भतीजी कार्ला अरेलानो ने उसके बारे में ट्विटर पर पोस्ट किया। जब ब्लांका ने जवाब देना बंद कर दिया तो परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। कार्ला ने फिर जुआन से मदद मांगी। उसे डर था कि उसकी चाची के साथ कुछ बुरा हुआ है।

बोरिंग होने लगी थी रिलेशनशिप

कार्ला ने ट्विटर पर लिखा कि 7 नवंबर को ब्लांका ने फैसला किया था कि वह मेक्सिको लौट आएगी। उसने ब्लांका के साथ हुई बातचीत वाले मैसेज के स्क्रीनशॉट भी शेयर किए। जुआन ने कार्ला को बताया कि ब्लांका के साथ उसका रिश्ता उबाऊ हो गया है और वह अब उसके साथ नहीं रहना चाहता। 9 नवंबर को, एक स्थानीय मछुआरे को ब्लांका का बिना सिर वाला शव नदी किनारे तैरता हुआ मिला। कुछ घंटों बाद, एक हाथ मिला और फिर दूसरा अंग मिला। लेकिन जब कार्ला ने जुआन से बात की, तो उसे अपनी चाची की जान की चिंता सताने लगी। जुआन को 17 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। वह आखिरी शख्स है, जिसने ब्लांका को जिंदा देखा था।

टिकटॉक पर मिले डरावने वीडियो

पेरू के जनरल अटॉर्नी ने बताया है कि जुआन को मानव अंगों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। हालांकि जांचकर्ताओं का मानना ​​है कि जुआन इस पूरे खेल में अकेला नहीं है। जुआन ने टिकटॉक पर ऐसे कई वीडियो पोस्ट किए थे, जिनमें मानव अंगों के अलग होने और उसके बाद उनके अस्तित्व की पूरी जानकारी विस्तार से मौजूद थी। जुआन ने यह भी बताया कि कैसे अग्न्याशय और मस्तिष्क को टुकड़ों में काटा जा सकता है। उसके घर की तलाशी ली गई तो सबूत के तौर पर बाथरूम में खून मिला। इसके अलावा लॉन्ड्री रूम और गद्दों पर भी खून के धब्बे थे। कार्ला विश्वास नहीं कर पा रही कि उसकी चाची अब नहीं रही।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश