1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. लीबिया में भीषण बाढ़ का कहर, 2 हजार से ज्यादा शव मिले, 30 हजार लोगों को छोड़ना पड़ा घर

लीबिया में भीषण बाढ़ का कहर, 2 हजार से ज्यादा शव मिले, 30 हजार लोगों को छोड़ना पड़ा घर

 Edited By: Deepak Vyas
 Published : Sep 13, 2023 04:22 pm IST,  Updated : Sep 13, 2023 04:22 pm IST

लीबिया में बाढ़ के कारण तटीय शहर डर्ना में बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान हुआ और कम से कम 30 हजार लोग विस्थापित हुए।

लीबिया में भीषण बाढ़ का कहर- India TV Hindi
लीबिया में भीषण बाढ़ का कहर Image Source : PTI

Libya: अफ्रीकी देश लीबिया के शहर डर्ना में बाढ़ से मची तबाही के बाद बचावकर्मियों को मलबे से बुधवार तक दो हजार से अधिक शव मिले हैं। वहीं बताया जा रहा है कि कम से कम 30 हजार लोग विस्थापित हुए हैं। मेडिटेरियन सी में उठे तूफान 'डेनियल' के कारण रविवार रात को लीबिया में भारी बारिश हुई, जिससे बाढ़ आ गई। अचानक आई बाढ़ से पूर्वी लीबिया के कई शहरों में भारी तबाही मची है, लेकिन डर्ना शहर में सबसे अधिक नुकसान हुआ। डर्ना में भारी बारिश और बाढ़ की वजह से बांध टूट गए, जिनका पानी आसपास के इलाकों में घुस गया। 

संयुक्त राष्ट्र प्रवासन एजेंसी ने बताया कि बाढ़ के कारण तटीय शहर डर्ना में बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान हुआ और कम से कम 30 हजार लोग विस्थापित हुए। अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन ने बताया कि बाढ़ के कारण डर्ना शहर में बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान हुआ है। उसने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में पहुंचना मानवीय सहायताकर्मियों के लिए काफी कठिन काम है। पूर्वी लीबिया के स्वास्थ्य मंत्री उस्मान अब्दुल जलील ने कहा कि दो हजार से अधिक शव बुधवार सुबह तक मिले हैं। उनमें से आधे से अधिक शवों को डर्ना में सामूहिक कब्रों में दफनाया गया। 

समुद्र से बरामद किए गए कुछ शव

उन्होंने बताया कि बचाव दलों ने कुछ शव समुद्र से बरामद किए। संयुक्त राष्ट्र की प्रवासन एजेंसी के अनुसार डर्ना में बाढ़ के कारण कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं या नष्ट हो गईं। इसके अनुसार शहर के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों को जोड़ने वाले डर्ना नदी पर बने पुल भी ढह गए हैं। लीबिया में रेड क्रॉस अंतरराष्ट्रीय कमेटी के प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख यान फ्राइडेज ने ‘फ्रांस24’ को बताया कि डर्ना शहर में बाढ़ से जबरदस्त तबाही मची है। उन्होंने बताया कि सैनिकों, सरकारी कर्मचारियों, स्वयंसेवियों और निवासियों सहित स्थानीय आपात सेवाओं से जुड़े लोग बचाव अभियान में शामिल हैं। 

इन देशों ने भेजी सहायता

लीबिया के पड़ोसी देशों मिस्र, अल्जीरिया और ट्यूनीशिया, साथ ही तुर्किये और संयुक्त अरब अमीरात ने बचाव दल और मानवीय सहायता भेजी हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि अमेरिका राहत संगठनों को आपात वित्तीय सहायता भेज रहा है और अतिरिक्त मदद प्रदान करने के लिए लीबिया के अधिकारियों और संयुक्त राष्ट्र के साथ कॉर्डिनेट कर रहा है। लीबिया के आंतरिक मंत्रालयने मंगलवार को डर्ना में मरने वालों की संख्या 5,300 से अधिक बताई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश