टोरंटो: कनाडा के ओंटारियो प्रांत के वुडस्टॉक शहर में एक बुजुर्ग सिख व्यक्ति पर नस्लीय हमला किया गया। एक कनाडाई युवक ने बुजुर्ग सिख को धक्का मारकर नस्लभेदी गालियां दीं और चिल्लाकर कहा - “मेरे देश से बाहर निकल जाओ”। टोरंटो पुलिस ने इसे “हेट-मोटिवेटेड असॉल्ट” (नफरत से प्रेरित हमला) बताते हुए जांच शुरू कर दी है।
फुटपाथ पर टहलते बुजुर्ग के पास आकर युवक ने मारा धक्का
यह घटना 22 अप्रैल को हुई। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग सिख व्यक्ति फुटपाथ पर चल रहे थे, तभी एक युवक उनके पास आया और उन्हें धक्का मार दिया। पुलिस के अनुसार युवक ने पीड़ित को उनकी जाति और धर्म के आधार पर निशाना बनाया और नस्लीय गालियां देते हुए अश्लील शब्द बोले। पीड़ित को शारीरिक रूप से कोई चोट नहीं आई। पुलिस जांच में पाया गया कि हमला बिना किसी उकसावे के किया गया था। हमले के बाद युवक एक बाड़ फांदकर टर्टल आइलैंड स्कूल परिसर में घुस गया और फिर वहां से भाग निकला। इस दौरान किसी छात्र को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
पुलिस ने संदिग्ध को किया गिरफ्तार
इस घटना में पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया और हिरासत में रखते हुए जमानत की सुनवाई की। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक बार-बार बुजुर्ग सिख पर चिल्ला रहा था। वह कह रहा था, “What the… are you doing in my country (तुम मेरे देश में क्या कर रहे हो)?” “You ain’t from here, get the… out of my country (तुम यहां के नहीं हो, मेरे देश से निकल जाओ)।”
पुलिस ने दिलाया कार्रवाई का भरोसा
वुडस्टॉक पुलिस ने कहा, “हमारे समुदाय में नफरत के किसी भी कार्य की कोई जगह नहीं है। हम सुनिश्चित करेंगे कि समुदाय के सभी सदस्य सुरक्षित और संरक्षित महसूस करें। अगर किसी ने नफरत का कोई मामला देखा या झेला है तो कृपया पुलिस को रिपोर्ट करें।” विश्व सिख संगठन (World Sikh Organisation - WSO) ने घटना पर गहरी चिंता जताई और इसे “अस्वीकार्य” बताया। संगठन ने वुडस्टॉक पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया। WSO ने कहा कि हालिया एंटी-सिख हेट रिपोर्ट के अनुसार, ऐसे मामले बढ़ते जा रहे हैं। संगठन ने व्यवस्थागत कार्रवाई, बेहतर रिपोर्टिंग और जन-जागरूकता की मांग की है।
यह भी पढ़ें