1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. व्हाइट हाउस डिनर पार्टी में खौफनाक हमले की ट्रंप ने बताई आंखों देखी, सीक्रेट सर्विस ने कहा-"नीचे फर्श पर लेट जाओ"

व्हाइट हाउस डिनर पार्टी में खौफनाक हमले की ट्रंप ने बताई आंखों देखी, सीक्रेट सर्विस ने कहा-"नीचे फर्श पर लेट जाओ"

 Published : Apr 27, 2026 09:13 am IST,  Updated : Apr 27, 2026 10:20 am IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार की रात ह्वाइट हाउस की कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर पार्टी में हुए हमले के खौफनाक पलों की आंखों देखा हाल बताया है। उन्होंने एक साक्षात्कार में बताया कि उस पल कब, क्या और कैसे हुआ?

ह्वाइट हाउस हमले के बाद जानकारी देते अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (बीच में)- India TV Hindi
ह्वाइट हाउस हमले के बाद जानकारी देते अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (बीच में) Image Source : AP

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार की रात व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन डिनर पार्टी के दौरान हुए हमले के बाद पहला इंटरव्यू दिया है। एक साक्षात्कार में उन्होंने हमले का आंखों देखा हाल बताया है। उन्होंने कहा कि जब एक बंदूकधारी ने होटल के अंदर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, तो सीक्रेट सर्विस एजेंट्स मुझे बाहर निकाल रहे थे, तब मैं खुद देखना चाहता था कि क्या हो रहा है?

ट्रंप ने कहा-हम एक पागल दुनिया में रहते हैं

CBS के ‘60 मिनट्स’ कार्यक्रम में दिए एक साक्षात्कार में ट्रंप ने वाशिंगटन हिल्टन होटल में हुई अराजक क्षणों का वर्णन किया। बताया कि यह गोलीबारी बेसमेंट स्तर के बॉलरूम के एक मंजिल ऊपर हुई थी, जहां सालाना डिनर का आयोजन हो रहा था। जब उनसे पूछा गया कि गोली चलने की आवाज सुनने के बाद संभावित चोटों को लेकर वे कितने चिंतित थे?...तो इस पर ट्रंप ने कहा, "मैं चिंतित नहीं था। मैं जीवन को समझता हूं। हम एक पागल दुनिया में रहते हैं।" अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि खुद इस हमले को देखने की मेरी जिज्ञासा ने शायद सीक्रेट सर्विस के प्रयासों को धीमा कर दिया, जो उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाना चाहते थे।

ट्रंप ने कहा-मैं देखना चाहता था कि क्या हो रहा है

ट्रंप ने कहा, "मैं देखना चाहता था कि क्या हो रहा है। मैं उनके लिए इतना आसान नहीं बना रहा था। मैं देखना चाहता था कि क्या चल रहा है...और तब तक हमें एहसास होने लगा कि शायद यह कोई गंभीर समस्या है, एक अलग तरह की समस्या - एक बुरी समस्या और बॉलरूम से आने वाली सामान्य आवाज से अलग। उन्होंने कहा, "मैं बहुत अच्छे लोगों से घिरा हुआ था और मैंने शायद उन्हें थोड़ा धीमा कर दिया। मैंने कहा, 'रुको एक मिनट, रुको एक मिनट'।

 सीक्रेट सर्विस ने मुझे कहा-फर्श पर लेट जाओ

ट्रंप ने यह भी बताया कि सीक्रेट सर्विस एजेंट्स ने मुझे स्टेज से बाहर निकलते समय बार-बार फर्श पर लेट जाने के लिए कहा। ट्रंप ने कहा, "मैं चलने लगा और उन्होंने कहा, 'कृपया नीचे लेट जाइए, कृपया फर्श पर लेट जाइए...तो मैं नीचे लेट गया और फर्स्ट लेडी भी नीचे लेट गईं। साक्षात्कार के दौरान कुछ तीखे पलों का भी सामना करना पड़ा, जब ट्रंप से हमलावर द्वारा अपने परिवार को भेजे गए मेनिफेस्टो में उनके बारे में दिए गए कुछ संदर्भों के बारे में पूछा गया। ट्रंप ने कहा, "मैं इंतजार कर रहा था कि आप इसे पढ़ेंगे, क्योंकि मुझे पता था कि आप पढ़ोगे, क्योंकि आप भयानक लोग हैं।"

ट्रंप ने कहा-मैं बलात्कारी नहीं हूं

ट्रंप ने कहा, "हां, उसने वो लिखा था... मैं बलात्कारी नहीं हूं... मैंने मेनिफेस्टो पढ़ा। आप जानते हैं, वह एक बीमार व्यक्ति है। आपको 60 मिनट्स पर यह नहीं पढ़ना चाहिए, आप शर्मनाक हैं, लेकिन चलिए, साक्षात्कार पूरा करते हैं। जब साक्षात्कारकर्ता ने ट्रंप से आगे पूछा कि क्या उन्हें लगता है कि गोलीबारी करने वाले ने विशेष रूप से उन्हीं की ओर इशारा किया था, तो ट्रंप ने जवाब दिया:

"मैं पेडोफाइल नहीं हूं... आप उस बीमार व्यक्ति का वो कचरा पढ़ रहे हैं? मुझे ऐसी हर चीज से जोड़ा गया जिसका मुझसे कोई लेना-देना नहीं है। मैं पूरी तरह बरी हो चुका हूं।"


दोबारा होगा डिनर कार्यक्रम

राष्ट्रपति ने व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स एसोसिएशन से अपील की कि वे अगले 30 दिनों के अंदर इस कार्यक्रम को दोबारा आयोजित करें। "मैं नहीं चाहता कि इसे रद्द कर दिया जाए। मुझे लगता है कि एक पागल व्यक्ति के कारण इस तरह के कार्यक्रम को रद्द होना बहुत बुरी बात है। साथ ही उन्होंने जोड़ा, "ऐसा नहीं है कि मुझे जाना है। मैं बहुत व्यस्त हूं। मुझे इसकी जरूरत नहीं है।"

यह भी पढ़ें

Iran US Ceasefire Live updates: अमेरिका से शांति वार्ता डिरेल होने पर अब्बास अराघची ओमान, इस्लामाबाद से पहुंचे रूस
 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश