1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अन्य देश
  4. इजरायल पर 7 अक्टूबर को हमले के कुछ घंटे पहले ही सुरंग में छुप गया था याह्या सिनवार, मौत तब से कर रही थी पीछा; देखें वीडियो

इजरायल पर 7 अक्टूबर को हमले के कुछ घंटे पहले ही सुरंग में छुप गया था याह्या सिनवार, मौत तब से कर रही थी पीछा; देखें वीडियो

 Published : Oct 20, 2024 12:04 pm IST,  Updated : Oct 20, 2024 12:04 pm IST

इजरायल पर 7 अक्टूबर को हमला करने से पहले ही हमास चीफ याह्या सिनवार को अपना अंजाम पता चल चुका था। उसे इस बाद का अंदेशा हो चुका था कि इजरायली सेना उसको मार डालेगी। लिहाजा इजरायल पर 7 अक्टूबर को हमला होने से कुछ घंटे पहले ही वह सुरंग में छिप गया था।

हमास चीफ याह्या सिनवार, सुरंग में छुपते हुए (दाएं)- India TV Hindi
हमास चीफ याह्या सिनवार, सुरंग में छुपते हुए (दाएं) Image Source : AP

येरूशलमः इजरायल पर 7 अक्टूबर के हमले को अंजाम देने से कुछ घंटे पहले ही हमास चीफ याह्या सिनवार एक सुरंग में परिवार समेत छुप गया था। इससे साफ है कि सिनवार को इजरायल पर हमला करने से पहले ही इस बात का डर कहीं न कहीं था कि इजरायली सेना उसे छोड़ेगी नहीं। इसलिए वह अपनी मौत को टालने के लिए सुरंग में पहले ही छिप गया था। बता दें कि 7 अक्टूबर को हमास ने इजरायल पर सबसे बड़ा नरसंहार किया था, जिसमें 1200 से ज्यादा इजरायली मारे गए थे। हमास आतंकियों ने 238 इजरायलियों को बंधक बना लिया था। इसके बाद इजरायल और हमास में भीषण जंग शुरू हो गई। इजरायल ने हमास पर जवाबी हमला शुरू कर दिया।

इजरायल डिफेंस फोर्सेज ने शनिवार को एक वीडियो जारी किया है, जिसमें 7 अक्टूबर को इजरायल पर हमला होने से कुछ घंटे पहले ही याह्या सिनवार सुरंग में छुपने जाते हुए दिखाई दे रहा है। इस वीडियो को इजरायली सेना (आईडीएफ) ने जारी किया है। वीडियो में याह्या सिनवार अपनी पत्नी और बच्चों के साथ सुरंग में रहने जा रहा है। सुरंग में जाते हुए याह्या सिनवार के हाथ में एक टीवी है। उसके बच्चे भी अपने हाथ में कुछ अन्य सामान समेटे हुए हैं। वह तेजी से सुरंग में प्रवेश कर रहा है। 

17 अक्टूबर को गाजा में मारा गया सिनवार

इजरायली सेना 7 अक्टूबर को अपने देश पर हुए हमले के बाद से ही याह्या सिनवार को बेसब्री से ढूंढ़ रही थी। वह उसका दुश्मन नंबर 1 था। इससे पहले जुलाई में इजरायल ने अपने एक और बड़े दुश्मन इस्माइल हानिया उर्फ हनियेह का ईरान में सफाया कर दिया था। सिनवार से पहले इस्माइल हानिया ही हमास का चीफ था। मगर हानिया के मारे जाने के बाद याह्या सिनवार इसका चीफ बन गया। इजरायली सैनिक इस्माइल हानिया को निपटाने के बाद सिनवार का भी मौत की तरह पीछा कर रहे थे।

अचानक इजरायली सेना के हत्थे चढ़ गया सिनवार 

आखिरकार याह्या सिनवार 17 अक्टूबर को गाजा में इजरायली सेना के हमले में मारा गया । हालांकि इजरायली सेना ने उसको मारने के लिए यह ऑपरेशन नहीं चलाया था। मगर अचानक वह इजरायली सेना की चपेट में आ गया था और मारा गया। याह्या सिनवार के मारे जाने के बाद इजरायली सैनिक भी इस बात पर भरोसा नहीं कर पा रहे थे कि उन्होंने अपने दुश्मन नंबर 1 को खल्लास कर दिया है। उसका हुलिया मिलता देखकर इजरायल ने उसके दांतों और हाथ की एक उंगली काटकर डीएनए टेस्ट कराया। इसके बाद सिनवार के मारे जाने की घोषणा की।

सिनवार की मौत के बाद नेतन्याहू पर हिजबुल्लाह का हमला

सिनवार के मारे जाने के 72 घंटे बाद हिजबुल्लाह ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के आवास पर उन्हें मारने के इरादे से ड्रोन हमला किया। इस हमले में नेतन्याहू और उनका परिवार बाल-बाल बच गए। इसके बाद नेतन्याहू ने कहा कि ईरान समर्थित हिजबुल्लाह ने उन पर हमला करके बहुत बड़ी गलती कर दी है। इस हमले के बाद इजरायली सेना ने लेबनान में हमले तेज कर दिए हैं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Around the world से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश