यंगून: उत्तरी म्यांमार में पन्ना की एक खदान में भीषण भूस्खलन होने से करीब 100 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है। बचाव एवं राहत दल हताहतों को ढूंढने में लगा हुआ है। मारे गए लोग घुमंतू खनिक मुख्य रूप से माने जा रहे हैं। माना जा रहा है कि ज्यादातर लोगों की मौत मलबे के ढेर के नीचे दबने से हुई है जो खनन कंपनियों के पन्ना निकालने के लिए जमीन खोदने से बना था। हिंसा ग्रस्त कचिन प्रांत में गुप्त रूप से चलाए जा रहे पन्ना उद्योग की खुदाई मशीनों ने मलबे का यह ढ़ेर लगाया था। साथ ही साथ, म्यांमार के चिन शहर की राजधानी हाका में एक घर में बम विस्फोट हुआ, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए।
रविवार को हुए भीषण भूस्खलन में दर्जनों झोपडि़यां दब गई जहां अज्ञात संख्या में लोग रह रहे थे। एक लघु स्तरीय पन्ना व्यापारी ने बताया कि यह हादसा स्थानीय समय के मुताबिक तड़के तीन बजे हुई। उन्होंने बताया कि यहां तक कि दूर दराज के गांवों में रहने वाले लोगों ने भी मौके पर पहुंचने वाले लोगों की चीखें सुनी। इलाके के वीडियो फुटेज में कई शवों को कंबल में लपेट कर ले जाते दिखाया गया है। स्थानीय प्रशासन एचपकांत की एक अधिकारी निलार माइंत ने बताया कि बचाव टीमों ने अब तक भूस्खलन में 97 लोगों को मृत पाया है।
राहत एवं बचाव अभियान जारी है। म्यांमार रेड क्रॉस, सेना, पुलिस और स्थानीय समुदाय इस कार्य में लगे हुए हैं। लेकिन यहां अधिकारियों ने बताया कि मलबे से किसी को जिंदा निकाल पाने की उन्हें कम ही उम्मीद है। उन्होंने बताया कि चूंकि मारे गए लोग ज्यादातर प्रवासी श्रमिक थे इसलिए अधिकारियों को मृतकों की पहचान कर पाने में मुश्किल हो रही है।
म्यांमार में बम विस्फोट, 5 की मौत
सोमवार की रिपोर्ट के अनुसार, बम विस्फोट रविवार रात 10.40 बजे (स्थानीय समय) हुआ। अधिकारियों ने कहा कि विस्फोट स्थल के आसपास के इलाके की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। घटना की जांच जारी है। अधिकारी ने कहा कि चिन राज्य के मुख्यमंत्री यू होन गेंग ने घटनास्थल का मुआयना किया है।