बीजिंग: चीन के हेबेई प्रांत में भारी बारिश और बाढ़ की वजह से 225 की मौत हो गई जबकि ढाई लाख लोग फंसे हुए हैं। प्रांतीय नागरिक मामलों के मंत्रालय के मुताबिक, स्थानीय प्रशासन ने लगभग 310,000 लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया है। बाढ़ और बारिश से हुए भूस्खलन से 52,900 घर ढह गए और 155,000 नष्ट हो गए। 70,000 हेक्टेयर से अइधक क्षेत्र में फसलें चौपट हो गई। इस वजह से प्रत्यक्ष रूप से 2.4 अरब डॉलर से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है।
गौरतलब है कि बाढ़ से शिंगताई शहर का डाशियान गांव बुरी तरह से प्रभावित हो गया। 8 ग्रामीणों की मौत हो गई और एक लापता है। बारिश और बाढ़ से बिजली, संचार और अन्य बुनियादी ढांचागत सुविधाएं ठप्प हैं। स्थानीय लोगों की मदद के लिए लगभग 30 स्पीडबोट और 300 सैनिकों को भेजा गया है और अन्य 1,200 लोग बचाव अभियान में जुड़ गए हैं।
स्थानीय सरकार ने बाढ़ से ग्रस्त 12 गांवों में बचाव एव जांच कार्यो के लिए 15 सदस्यों के दल को भेजा है। चीन के उपप्रधानमंत्री वांग यांग ने शनिवार को बीजिंग में बाढ़ नियंत्रण एवं आपदा राहत बचाव कार्यो के लिए राष्ट्रीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए स्थानीय प्रशासन से लोगों को सुरक्षित रखने का आग्रह किया। प्रांतीय सरकार ने सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों के लिए 1.47 करोड़ डॉलर की आपातकाल राशि आवंटित की है।