ढाका: दक्षिण-मध्य बांग्लादेश में बुधवार को खचाखच भरी एक नाव के पलटने से 13 लोगों की मौत हो गई। इनमें पांच महिलाएं और एक बच्चा है। कई अन्य लापता हैं। पुलिस ने बताया कि बड़ीसाल जिले में संध्या नदी में यह हादसा हुआ।
नाव पर 50 से अधिक लोग सवार थे और नदी में तेज धार थी। सहायक पुलिस अधीक्षक मुतल्लब हुसैन ने बताया कि गोताखोर पुलिस और आसपास के इलाकों के लोगों की मदद से लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि करीब 25 यात्री बचा लिए गए हैं या वे तैरकर तट पर पहुंचने में कामयाब रहे। बांग्लादेश में 300 से अधिक नदियां हैं जो मॉनसून के दौरान उफान पर होती हैं। नौका दुर्घटनाएं भी यहां अक्सर होती रहती है। पिछले साल फरवरी में एक नौका हादसे में 69 लोगों की जान चली गई थी।