बीजिंग: चीन ने गुरुवार को सिंगापुर में जहां अपने 21 नागरिकों के जीका से संक्रमित होने की पुष्टि की, वहीं 13 भारतीय नागरिक जीका वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। भारतीय विदेश मंत्रालय ने इन भारतीयों के इस वायरस के चपेट में आने की खबर की पुष्टि भी कर दी है। सिंगापुर सरकार ने गुरुवार को भारतीय अधिकारियों को संक्रमण के बारे में सूचना दी।
चीनी सरकार ने अपने नागरिकों को सिंगापुर की यात्रा करने को लेकर अलर्ट किया है। चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनिंग ने बताया कि सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्रालय ने हालात से उन्हें अवगत कराया है। हुआ ने कहा, ‘सिंगापुर स्वास्थ्य मंत्रालय ने हमें सूचना दी है कि 21 चीनी नागरिक जीका से संक्रमित हैं और इसीलिए विदेश मंत्रालय ने एक यात्रा अलर्ट जारी किया है तथा लोगों से इस संक्रामक बीमारी के प्रति अहतियात बरतने की अपील की है।’
भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि जिनमें जीका के लक्षण पाए गए हैं, उन मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मरीजों की पहचान के बारे में फिलहाल कोई खुलासा नहीं किया गया है।
सिंगापुर की एक स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने गुरुवार को इस बात की पुष्टि की कि जीका का पहला मामला एक गर्भवती महिला से संबंधित था। इस तरह से पिछले वीकेंड से लेकर अब तक इस वायरस से संक्रमित होने के कुल मामले बढ़कर 115 हो गए हैं। शनिवार को बीमारी का प्रकोप सामने आने के बाद अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण कोरिया व चीन सहित कई देश सिंगापुर जाने के खिलाफ यात्रा अलर्ट जारी कर चुके हैं।