1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ढाका की इमारत में 3 संदिग्ध घुसे, पुलिस ने की घेराबंदी

ढाका की इमारत में 3 संदिग्ध घुसे, पुलिस ने की घेराबंदी

 Written By: IANS
 Published : Sep 06, 2016 08:02 pm IST,  Updated : Sep 06, 2016 08:02 pm IST

शहर के एक पॉश इलाके में स्थित बहुमंजिली इमारत में कुछ युवक जबरन एक शोरूम में घुस गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने इमारत की घेराबंदी कर दी है।

Dhaka- India TV Hindi
Dhaka

ढाका: शहर के एक पॉश इलाके में स्थित बहुमंजिली इमारत में कुछ युवक जबरन एक शोरूम में घुस गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने इमारत की घेराबंदी कर दी है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, अपर आयुक्त मोहम्मद शहाबुद्दीन कुरैशी ने संवाददाताओं को बताया कि तीन संदिग्ध युवक बैग लेकर बहुमंजिली इमारत में जबरन घुस गए। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की है। उन्होंने कहा, "हम अभी सुनिश्चित नहीं कर पाए हैं कि वे चोर हैं या आतंकवादी।"

प्रारंभिक रिपोर्ट में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि ये युवक इसी इमारत में स्थित एनसीसी बैंक की शाखा या अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान में भी जबरन घुसे या नहीं। एक अधिकारी ने घटनास्थल से वेबसाइट 'बीडीन्यूज24 डॉट कॉम' को बताया कि स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। मोबाइल फोन ऑपरेटर के एक कर्मचारी ने हालांकि बताया कि संदिग्धों ने सुबह नौ बजे के आसपास एनसीसी बैंक की शाखा में जबरन घुसने की कोशिश की। 

गुलशन पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सलाहुद्दीन ने कहा कि युवकों ने बैंक में नहीं, बल्कि एलजी के शोरूम में प्रवेश किया।  सलाहुद्दीन ने कहा, "हमारे बम निरोधक दस्ते के विशेषज्ञ युवकों के बैगों की जांच करेंगे। इसके बाद ही स्थिति का विश्लेषण किया जा सकता है।" बख्तरबंद वाहनों और अग्निशमन सेवा के ट्रकों को भी तुरंत मौके पर रवाना कर दिया गया।

गौरतलब है कि ढाका के स्पेनिश कैफे में एक जुलाई को आतंकियों ने 22 लोगों को बंधक बनाकर मार दिया था, जिनमें अधिकांश विदेशी थे। इस घटना के बाद से राजनयिक इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश