1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. ईरान: आग लगने के बाद इमारत ढही, 30 दमकलकर्मियों की मौत

ईरान: आग लगने के बाद इमारत ढही, 30 दमकलकर्मियों की मौत

 Written By: Bhasha
 Published : Jan 19, 2017 07:41 pm IST,  Updated : Jan 19, 2017 07:41 pm IST

तेहरान के व्यस्त इलाके में गुरुवार को ईरान की सबसे पुरानी एक 15 मंजिला प्लास्को इमारत में आग लगने के बाद उसके ढह जाने से 30 दमकलकर्मी मारे गए।

Plasco building | AP Photo- India TV Hindi
Plasco building | AP Photo

तेहरान: ईरान की राजधानी तेहरान के व्यस्त इलाके में गुरुवार को ईरान की सबसे पुरानी एक 15 मंजिला प्लास्को इमारत में आग लगने के बाद उसके ढह जाने से 30 दमकलकर्मी मारे गए। सरकारी प्रेस टीवी ने यह जानकारी दी है। सरकारी टेलीविजन ने बताया कि इमारत में आग लगने के बाद करीब 200 दमकलकर्मियों को आग बुझाने के लिए बुलाया गया था और इमारत के गिरने से पूर्व 38 दमकल कर्मी पहले ही आग बुझाते हुए झुलस चुके थे। आग तड़के लगी लेकिन आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।

देश-विदेश की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

1960 के दशक की शुरुआत में बनी इस इमारत में एक शॉपिंग सेंटर और कपड़ों की दुकानें थीं और गुरुवार तड़के इसमें आग लगने के बाद इमारत को खाली करा लिया गया था। लेकिन सरकारी टेलीविजन ने बताया कि इमारत के ढहने के समय दर्जनों दमकलकर्मी इसके भीतर थे। घटनास्थल की तस्वीरों में दिखाया गया है कि किस प्रकार इसके ऊपरी तल से आग की लपटे निकल रही थीं और अचानक यह भरभरा कर गिर गई। दमकल विभाग के प्रवक्ता जलाल मालेकियास ने बताया कि हमने इमारत के प्रबंधकों को बार-बार चेतावनी दी थी कि इमारत सुरक्षित नहीं है। इसमें अग्निशमन उपकरण भी नहीं थे।

इमारत में कुछ लोगों के दबने की भी आशंका है। प्लास्को इमारत तेहरान की पहली बहुमंजिला इमारत थी और 1962 में जब यह बनकर तैयार हुई थी तो यह शहर की सबसे ऊंची इमारत थी। इसे ईरानी यहूदी कारोबारी हबीब एलगानियन ने बनाया था और इसका नाम उनकी प्लास्टिक बनाने वाली कंपनी के नाम पर रखा गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश