1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. पेशावर स्थित अफगानिस्तान का वाणिज्य दूतावास बंद

पेशावर स्थित अफगानिस्तान का वाणिज्य दूतावास बंद

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 01, 2016 09:59 pm IST,  Updated : Jun 01, 2016 09:59 pm IST

अफगानिस्तान ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की ओर से अपने कर्मचारियों के उत्पीड़न के विरोध में पेशावर में अपने वाणिज्य दूतावास को बंद कर दिया है।

afghanistan- India TV Hindi
afghanistan

इस्लामाबाद: अफगानिस्तान ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की ओर से अपने कर्मचारियों के उत्पीड़न के विरोध में पेशावर में अपने वाणिज्य दूतावास को बंद कर दिया है। पाझवोक अफगान न्यूज से वाणिज्य दूतावास के एक सूत्र ने कहा, "वाणिज्य दूतावास अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेगा। हम मेजबान देश से इस बात का ठोस आश्वासन चाहते हैं कि भविष्य में अफगान राजनयिकों का उत्पीड़न नहीं होगा।"

पेशावर के एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने दावा किया कि राजनयिक के वाहन ने विशिष्ट राजनयिक प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया और इसी कारण से उनकी कार सुरक्षा जांच के लिए रोकी गई। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कार में बैठे महावाणिज्य दूत का उत्पीड़न करने का कोई इरादा नहीं था। इस बीच, पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के प्रवक्ता नफीस जकरिया ने कहा कि वे घटना से अवगत हैं और संबंधित पक्षों से प्रासंगिक सूचना मिलने के बाद मंत्रालय एक आधिकारिक बयान जारी करेगा।

दोनों देशों के बीच हाल के महीनों में तोरखाम सीमा को बंद करने सहित कड़वाहट भरी कई घटनाएं सामने आई हैं। पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल राहील शरीफ तथा अफगानिस्तान के राजदूत उमर जखीलवाल के बीच बातचीत के बाद सीमा को खोल दिया गया।

31 मई को पाकिस्तानी अधिकारियों ने अफगानिस्तान के नागरिकों को बिना वीजा या वैध यात्रा दस्तावेज के पाकिस्तान में दाखिल होने से मना कर दिया था। सीमा अधिकारियों ने कहा था कि तोरखाम सीमा पर राहत के लिए अफगानिस्तान ने जो अनुरोध पत्र दिया है, उस पर अभी तक विचार नहीं किया गया है। उन्होंने अफगान नागरिकों को इस बात की सूचना दी कि बिना वीजा तथा अन्य वैध यात्रा दस्तावेजों के पाकिस्तान में दाखिल नहीं होने दिया जाएगा। जो लोग अवैध तरीके से पाकिस्तान में दाखिल होने की कोशिश करेंगे, उन्हें हिरासत में लेकर उन पर मुकदमा चलाया जाएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश