1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. भारतीयों पर की थी नस्लीय टिप्पणी, एयर चाइना ने वापस ली मैगजीन

भारतीयों पर की थी नस्लीय टिप्पणी, एयर चाइना ने वापस ली मैगजीन

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 08, 2016 11:13 pm IST,  Updated : Sep 08, 2016 11:18 pm IST

अपनी एक मैगजीन में भारतीयों पर नस्लीय टिप्पणी को लेकर विवादों में घिरी चीन की गवर्नमेंट एयरलाइंस एयर चाइना ने उस इन-फ्लाइट मैगजीन को वापस ले लिया है।

Representative Image- India TV Hindi
Representative Image Image Source : AP

बीजिंग: अपनी एक मैगजीन में भारतीयों पर नस्लीय टिप्पणी को लेकर विवादों में घिरी चीन की गवर्नमेंट एयरलाइंस एयर चाइना ने उस इन-फ्लाइट मैगजीन को वापस ले लिया है। इस मैगजीन में लंदन जाने वाले यात्रियों को चेताया गया था कि भारतीय, पाकिस्तानी और अश्वेत बहुत इलाकों में जाते वक्त सावधानी रखें। इस मैग्जीन के पब्लिशर ने इस एडिटोरियल गलती के लिए माफी भी मांगी है। चीन की सरकार ने इस पूरे मामले की जांच कराने की बात कही थी।

भारतीयों और अन्य देशों के नागरिकों को लेकर यह टिप्पणी विंग्स ऑफ चाइना नाम की इन-फ्लाइट मैगजीन के सितंबर अंक में किया था। इस मैगजीन के एक लेख में एयर चाइना की तरफ से कुछ टिप्स दिए गए थे जिनमें लिखा था कि सामान्य तौर पर यात्रा के लिहाज से लंदन सुरक्षित स्थान है, लेकिन भारतीय, पाकिस्तानी और अश्वेत आबादी बहुल इलाकों में जाते वक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।

पत्रिका के इस लेख को लेकर हंगामा बढ़ने के बाद गवर्नमेंट एयरलाइंस एयर चाइने ने मीडिया संस्थानों को ई-मेल भेजकर सूचित किया कि उसने इस विवादित लेख वाली इन-फ्लाइट पत्रिका की प्रतियां हटा ली हैं। उसने कहा कि विंग्स ऑफ चाइना के सितंबर अंक में गलत भाषा का इस्तेमाल किया गया है और लेख एयरलाइंस कंपनी के विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करता। 

कंपनी ने कहा, ‘इस समस्या का पता चलने के बाद एयर चाइना ने तुरंत इस मैगजीन को सभी विमानों से हटा लिया और विंग्स ऑफ चाइना के संपादक को इससे गंभीर सबक लेने, सामग्री समीक्षा को मजबूत करने तथा इस तरह की गलतियों से बचने को कहा।’ एक पत्रकार द्वारा पूरा मामला ट्वीट किए जाने के बाद लोगों को इसकी जानकारी मिली।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश