इस्लामाबाद: पाकिस्तानी सेना ने कहा है कि भारतीय सेना के साथ हॉटलाइन सहित संचार के सारे रास्ते खुले हुए हैं। वहीं, उसने भारत पर तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया। इंटर सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल असीम बाजवा ने कहा, ‘भारतीय बलों ने गोलीबारी कर नियंत्रण रेखा का उल्लंघन किया और इसके कुछ घंटों बाद उन्होंने नियंत्रण रेखा पार सर्जिकल स्ट्राइक किए जाने का झूठा दावा किया। हमनें जमीन पर सब कुछ जांचा और हमने पाया कि दावा पूरी तरह से झूठा है।’
देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
बाजवा ने बताया, ‘हम देख रहे हैं कि नियंत्रण रेखा पर ताबड़तोड़ गोलीबारी हुई है और बेशक जब अधिक गोलीबारी होगी तब हालात बिगड़ेंगे। माहौल उस वक्त भी बिगड़ जाता है जब भारत की ओर से अधिक बयानबाजी होती है।’ जनरल ने कहा कि पिछले हफ्ते भारतीय गोलीबारी में कम से कम 2 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए जबकि 9 अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी और भारतीय सेनाओं के बीच संपर्क कायम है। उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि सैन्य कार्रवाई महानिदेशक ने नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी के बाद फोन पर बात की है।
बाजवा ने बताया कि दोनों सेनाओं के बीच हॉटलाइन सहित संचार के सारे रास्ते खुले हुए हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सैन्य निगरानी समूह और भारत भी हालात की निगरानी कर रहा है तथा अपने इसके मुख्यालयों को सूचना दे रहा है। गौरतलब है कि भारत ने नियंत्रण रेखा पार सात आतंकी ठिकानों पर 28 और 29 सितंबर की रात सर्जिकल स्ट्राइक किया था जो उरी हमले के बाद किए गए। उरी हमले में 19 सैनिक शहीद हुए थे।