1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. मिस्र में पुरातत्वविदों को खुदाई में बीयर की प्राचीन फैक्टरी मिली

मिस्र में पुरातत्वविदों को खुदाई में बीयर की प्राचीन फैक्टरी मिली

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 14, 2021 03:30 pm IST,  Updated : Feb 14, 2021 03:30 pm IST

अमेरिका और मिस्र के पुरातत्वविदों को खुदाई में बीयर की प्राचीन फैक्टरी मिली है। यह प्राचीन मिस्र के सबसे प्रमुख पुरातत्व स्थलों में शुमार एक स्थल पर मिली सबसे पुरानी बियर फैक्टरी हो सकती है।

Ancient factory of beer found in Egypt excavated- India TV Hindi
Ancient factory of beer found in Egypt excavated Image Source : TWITTER/@LUXORTIMES

काहिरा। अमेरिका और मिस्र के पुरातत्वविदों को खुदाई में बीयर की प्राचीन फैक्टरी मिली है। यह प्राचीन मिस्र के सबसे प्रमुख पुरातत्व स्थलों में शुमार एक स्थल पर मिली सबसे पुरानी बियर फैक्टरी हो सकती है। एक शीर्ष पुरातत्व अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। प्राचीन वस्तुओं की सर्वोच्च परिषद के महासचिव मुस्तफा वजीरी ने कहा कि यह फैक्टरी नील नदी के पश्चिम में प्राचीन कब्रिस्तान एबिडोस में मिली है, जो दक्षिणी काहिरा से 450 किलोमीटर दूर है।

उन्होंने कहा कि यह फैक्टरी किंग नारमेर के क्षेत्र में स्थित है, जिन्हें पहले वंश काल (3150 ईसा. पूर्व से 2613 ईसा. पूर्व) की शुरुआत में प्राचीन मिस्र के एकीकरण के लिये जाना जाता है। वजीरी ने कहा कि पुरातत्वविदों को आठ इकाईयां मिली हैं। प्रत्येक इकाई 20 मीटर (करीब 65 फुट) लंबी, 2.5 मीटर (करीब आठ फुट) चौड़ी है। इनमें मिट्टी के लगभग 40 बर्तन मिले हैं जो बियर के उत्पादन के लिए अनाज और पानी के मिश्रण को गर्म करने मे काम आते होंगे।

इस संयुक्त अभियान की सह-अध्यक्षता न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय के फाइन आर्ट्स संस्थान के डॉक्टर मैथ्यू एडम्स और प्रिंस्टन विश्वविद्यालय में प्राचीन मिस्र इतिहास एवं पुरातत्व के सहायक प्राध्यापक डेबोरा विसचाक ने की थी। एडम्स ने कहा कि बियर से होने वाली शाही रस्मों को पूरा करने के लिये इस इलाके में यह फैक्टरी लगाई गई होगी।

उन्होंने कहा कि पुरातत्वविदों को ऐसे सबूत मिले हैं जो प्राचीन मिस्र में बलि प्रथाओं के दौरान बियर के इस्तेमाल को दर्शाते हैं। प्राचीन वस्तुओं से संबंधित मंत्रालय ने कहा कि ब्रिटेन के पुरातत्वविदों ने सबसे पहले 1900 की शुरुआत में इस फैक्टरी के अस्तित्व का उल्लेख किया था, लेकिन उन्हें यह नहीं पता चल सका था कि यह किस जगह मौजूद है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश