सियोल: दक्षिण कोरिया में गुरुवार को मर्स के 14 नए मामले सामने आए, जिसके बाद इस बीमारी से पीड़ितों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है जो कि बढ़कर 122 तक पहुँच गई है। हालांकि इस बीमारी से कोई नई मौत का मामला सामने नहीं आया है, इसलिए इससे मरने वालों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं देखी गई जो की अब भी 9 ही बनी हुई है। मर्स का सबसे पहला मामला 20 मई को प्रकाश में आया था। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, मर्स के जो 14 नए मामले सामने आए हैं, उनमें से एक 39 वर्षीया गर्भवती महिला है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
दक्षिण कोरिया के स्वास्थ्य एवं कल्याण मंत्रालय से जारी बयान में कहा गया है कि ताजा मामलों में से आठ सियोल स्थित सैमसंग मेडिकल सेंटर में सामने आए हैं, जहां इसके पीड़ितों की संख्या बढ़कर 55 हो गई है।
संक्रमण का एक अन्य मामला ग्योंगी प्रांत के ह्वासियोंग स्थित हैलिम यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर से सामने आया, जहां पीड़ितों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
मंत्रालय हालांकि यह पता लगाने में नाकाम रहा है कि संक्रमण के पांच अन्य मामले कहां से सामने आए हैं।