दुबई: भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन एंटीगा में वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन की बदौलत टेस्ट गेंदबाजों की ICC की टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में फिर से शीर्ष पर पहुंच गए हैं। भारत ने पहले टेस्ट मैच में पारी और 92 रन से जीत दर्ज की थी। अश्विन 2015 में साल के अंत में शीर्ष रैंकिंग पर थे। उन्होंने टेस्ट मैच की दूसरी पारी में 83 रन देकर सात विकेट चटकाए थे, जिससे वह गेंदबाजों की रैंकिंग, में पहला स्थान हासिल करने में सफल रहे। साथ ही 113 रन की पारी खेलकर बल्लेबाजों की रैंकिंग में भी उन्हें फायदा हुआ और वह आल राउंडर की सूची में शीर्ष स्थान मजबूत करने में सफल रहे।
पाकिस्तानी लेग स्पिनर यासिर शाह से आगे निकले अश्विन:
अश्विन ने पाकिस्तानी लेग स्पिनर यासिर शाह की जगह ली, जिन्होंने पिछले हफ्ते ही इंग्लैंड के खिलाफ लार्ड्स में शुरूआती टेस्ट में 10 विकेट चटकाकर गेंदबाजों की रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया था। यासिर ओल्ट ट्रैफर्ड में हुए दूसरे टेस्ट में केवल एकमात्र विकेट हासिल कर पाए थे, जिससे वह जेम्स एंडरसन, स्टुअर्ट ब्राड और डेल स्टेन के पीछे पांचवें स्थान पर खिसक गए। अश्विन ने एंटिगा टेस्ट में शानदार प्रदर्शन से 5 अंक जुटाए जबकि एंडरसन ने सात अंक हासिल किए। इसका मतलब है कि टेस्ट से पहले दोनों गेंदबाजों के बीच अंतर अब 3 अंक से कम होकर महज 1 अंक का रह गया है। इसके अलावा यासिर ने 46 अंक गंवाए और अब वह शीर्ष पर काबिज अश्विन से 44 अंक से पिछड़ रहे हैं।