ढाका: बांग्लादेश की पुलिस ने 10 ऐसे लोगों की पहचान की है जो 1 जुलाई को ढाका के एक कैफे में हुए हमले की साजिश रचनेवालों में शामिल थे। पुलिस के मुताबिक इन लोगों ने ढाका के उक्त कैफे पर हमला करने की साजिश रची और आतंकवादियों को हथियार एवं पैसे मुहैया कराए।
पुलिस की आतंकवाद विरोधी शाखा के प्रमुख मुनीरूल इस्लाम ने एक मीडिया रिपोर्ट की पुष्टि करते हुए कहा, ‘हमने करीब 10 लोगों के बारे में जानकारी एकत्रित की है। ये वे लोग हैं जिन्होंने हमले की साजिश रची या फिर हमले के लिए हथियार और पैसे मुहैया कराए।’
उनका बयान उस वक्त आया है जब यहां प्रमुख अखबार प्रोथोमो आलो ने सूत्रों के हवाले से खबर दी कि इस हमले को लेकर 10 संदिग्धों की पहचान की गई है अरैर इनमें से 6 के ठिकानों के बारे में पता भी लगा लिया गया है। बांग्लादेशी-कनाडाई तमीम चौधरी को होले आर्टिसन बैकरी पर हमले का मास्टरमाइंड माना जाता है। तमीम चौधरी को बीते 27 अगस्त को दो अन्य आतंकवादियों के साथ मार गिराया गया। ढाका कैफे हमले में एक भारतीय लड़की समेत 22 लोग मारे गए थे।